गाजियाबाद में बिगड़ेगा मौसम का मिजाज! 13 से 16 अगस्त तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
NEWS1UP
डेस्क
गाजियाबाद। सावधान! गाजियाबाद में अगले चार दिन मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है। 13 से 16 अगस्त के बीच भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम को देखते हुए अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।

बारिश के साथ वज्रपात का खतरा
जिला प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी में लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। खासकर पुराने और जर्जर भवनों, कच्ची दीवारों और कमजोर निर्माण वाले स्थानों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलें और मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी लगातार लेते रहें।
आकाशीय बिजली को लेकर विशेष सावधानी
वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे, बिजली के खंभों और अन्य ऊंची संरचनाओं के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। बारिश के दौरान बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई है।
प्रशासन की अपील: अलर्ट रहें, सुरक्षित रहें
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। भारी बारिश के दौरान जलभराव वाले रास्तों और असुरक्षित इलाकों में जाने से भी बचें।
