गाजियाबाद में ‘गड्ढों’ का कहर! बारिश में सड़क बनी मौत का जाल, कब जागेगा नगर निगम ?
पानी में छिपे गड्ढे बन रहे हादसों की वजह
दुकानदार बोले, कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद के गांधीनगर-रामनगर रोड पर बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे पानी में डूब गए हैं और यही गड्ढे अब राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा खतरा बन गए हैं।
बारिश के पानी में गड्ढे दिखाई नहीं देते। नतीजा, दोपहिया वाहन चालक अचानक गड्ढों में गिर रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों का दावा है कि कई लोग घायल हो चुके हैं, कुछ को गंभीर चोटें भी आई हैं।

सड़क बदहाल, कारोबार बेहाल
गांधीनगर-रामनगर रोड तुराब नगर मार्केट और किराना मंडी को जोड़ने वाली अहम सड़क है। लेकिन सड़क की बदहाली ने यहां के दुकानदारों की परेशानी बढ़ा दी है। दुकानदारों का कहना है कि खराब सड़क के चलते पहले ही ग्राहक कम हो रहे थे, अब बारिश में हादसे के डर से लोग इस रास्ते से गुजरने से भी बच रहे हैं।
शिकायतें हुईं, कार्रवाई कब होगी ?
स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि उन्होंने स्थानीय पार्षद से लेकर नगर निगम के उच्चाधिकारियों तक कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
अब सवाल यह है कि क्या नगर निगम किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है ? दुकानदारों और राहगीरों ने मांग की है कि सड़क के गड्ढों को तत्काल भरा जाए और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
