November 5, 2026
[t4b-ticker]

दादरी में 1857 के महानायक के सम्मान की उठी बुलंद आवाज

0
FFF

राजा राव उमराव सिंह भाटी के स्मृति स्थल पर हवन-पूजन, गंगाजल अभिषेक

पांच साल से नगरपालिका में रखी प्रतिमा स्थापित करने की मांग

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

दादरी। 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर दादरी में 1857 की प्रथम स्वतंत्रता क्रांति के महानायक राजा राव उमराव सिंह भाटी के सम्मान का मुद्दा एक बार फिर जोर-शोर से उठा। भारतीय किसान यूनियन मंच के नेतृत्व में उनके स्मृति स्थल पर हवन-पूजन और गंगाजल अभिषेक किया गया। इसके बाद स्मृति स्थल के स्थायी विकास, सौंदर्यीकरण और भव्य प्रतिमा की स्थापना की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एसडीएम दादरी अभिनेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा गया।

कार्यक्रम में संगठन ने साफ कहा कि आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्थानीय क्रांतिकारियों को इतिहास के पन्नों के साथ-साथ धरातल पर भी सम्मान मिलना चाहिए। भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल त्यागी ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले वीरों और क्रांतिकारियों के स्मारकों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ना जरूरी है।

पांच साल से नगरपालिका में रखी प्रतिमा, अब स्मृति स्थल पर लगाने की मांग

राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने कहा कि 1857 की क्रांति में राजा राव उमराव सिंह भाटी का योगदान दादरी ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। इसके बावजूद उनकी भव्य प्रतिमा करीब पांच वर्षों से नगरपालिका परिसर में रखी हुई है।

उन्होंने मांग की कि प्रतिमा को अब और इंतजार कराए बिना उनके स्मृति स्थल पर स्थापित किया जाए और पूरे परिसर को विकसित कर ऐतिहासिक स्मारक का स्वरूप दिया जाए।

एसडीएम को ज्ञापन सौंपते भारतीय किसान यूनियन मंच के पदाधिकारी

लोगों ने संभाला मोर्चा, अब सरकार से स्थायी विकास की उम्मीद

प्रदेश प्रभारी विक्रांत भाटी और अजब सिंह भाटी (बढ़पुरा) ने कहा कि स्मृति स्थल लंबे समय से जर्जर और उपेक्षित स्थिति में था। संगठन के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कर इसे व्यवस्थित करने का प्रयास किया है। अब सरकार को इस पहल को आगे बढ़ाते हुए स्मृति स्थल के स्थायी विकास की जिम्मेदारी उठानी चाहिए।

सम्मान नहीं मिला तो आंदोलन की चेतावनी

जिलाध्यक्ष अक्षय मुखिया और प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण भड़ाना ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के क्रांतिकारियों और शहीदों के योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने स्मृति स्थल और प्रतिमा को लेकर जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया तो भारतीय किसान यूनियन मंच जनआंदोलन का रास्ता अपनाएगा।

वंशज बोले, पूर्वजों के सम्मान के लिए समाज एकजुट हो

राजा राव उमराव सिंह भाटी के वंशज राव कुनाल भाटी, घनेदर भाटी और मनीष भाटी ने कहा कि अपने पूर्वजों के इतिहास और बलिदान को सम्मान दिलाना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि राजा राव उमराव सिंह भाटी के ऐतिहासिक योगदान के अनुरूप उनके स्मृति स्थल को विकसित किया जाए और उनकी प्रतिमा को सम्मानजनक स्थान दिया जाए।

कार्यक्रम में युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष चिंकू यादव, अजब सिंह भाटी, सुरेंद्र राणा, अन्नू सरपंच, डॉ. मोहसिन, दानिश खान, गजेंद्र बसौया, आयुष शर्मा, विकास रूपवास, प्रिंस भाटी, विशाल ठाकुर, अभिषेक तोमर, सागर नंबरदार, अंकित गुप्ता, दीपक भाटी, अनुज तौगड़, अंकित भाटी, विपिन, ललित गौतम सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed