RTI में बड़ा खुलासा: गुलमोहर एन्क्लेव की लिफ्टों का अब तक पंजीकरण नहीं
RWA को नोटिस के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
जून में डीएम को भी दी गई थी जानकारी
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी की लिफ्टों की सुरक्षा को लेकर आरटीआई में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। विद्युत सुरक्षा विभाग के मुताबिक, 12 अगस्त 2026 तक सोसायटी की लिफ्टों का विभागीय पोर्टल पर कोई पंजीकरण नहीं हुआ था।
सोसायटी निवासी गौरव बंसल ने 24 जुलाई को आरटीआई के तहत लिफ्टों के पंजीकरण सहित अन्य जानकारी मांगी थी। जवाब में विद्युत सुरक्षा विभाग ने बताया कि सोसायटी परिसर में अधिष्ठापित लिफ्टों का कोई पंजीकरण विभागीय पोर्टल पर दर्ज नहीं है।

आरटीआई जवाब में यह भी सामने आया कि पंजीकरण नहीं होने को लेकर RWA को नोटिस दिया जा चुका था। कार्रवाई नहीं होने पर विभाग ने 25 जून 2026 के पत्रांक-581 के जरिए जिलाधिकारी, गाजियाबाद को भी मामले से अवगत कराया था।
इससे पहले डीएम कार्यालय ने 29 जुलाई 2026 को संबंधित विभाग को आरटीआई सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभागीय जवाब ने स्थिति स्पष्ट कर दी।
सुरक्षा पर उठे सवाल
गुलमोहर एन्क्लेव में बड़ी संख्या में निवासी रोजाना लिफ्टों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में लिफ्टों का विधिवत पंजीकरण और सुरक्षा मानकों का पालन सीधे तौर पर निवासियों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। गौरव बंसल ने मांग की है कि प्रशासन और विद्युत सुरक्षा विभाग मामले में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अब सवाल यह है कि नोटिस और डीएम को सूचना दिए जाने के बावजूद लिफ्टों का पंजीकरण क्यों नहीं हुआ और इतने समय तक कार्रवाई क्यों लंबित रही ?
