November 5, 2026
[t4b-ticker]

नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान, वसुंधरा-स्मृति को बड़ी जिम्मेदारी

0
FF

BJP संगठन में बड़ा फेरबदल, राम माधव की वापसी

यूपी चुनाव पर खास फोकस, 2027 की सियासी जंग के लिए तैयार हुई नई टीम

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने आखिरकार राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान कर दिया है। सोमवार को जारी सूची के साथ ही लंबे समय से चल रही संगठनात्मक बदलाव की अटकलों पर विराम लग गया। नई टीम में पार्टी ने अनुभव, संगठनात्मक पकड़ और क्षेत्रीय संतुलन के साथ-साथ महिला नेतृत्व को भी खास जगह दी है।

 

नई टीम में सबसे ज्यादा चर्चा राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव राम माधव की हो रही है। वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। राम माधव की भी राष्ट्रीय संगठन में वापसी हुई है और उन्हें उपाध्यक्ष बनाया गया है।

13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री: संगठन में बड़ा फेरबदल

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महामंत्री शामिल किए गए हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोषी, डॉ. भारती प्रवीन पवार, सरदार मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, एम. नागराज, तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर शामिल हैं।

वहीं स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया समेत नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। बीएल संतोष राष्ट्रीय संगठन महामंत्री के पद पर बने रहेंगे।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी संगठन में केंद्रीय कार्यालय से जुड़ी जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है।

स्मृति ईरानी को यूपी की जिम्मेदारी, 2027 पर नजर

नई टीम का सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश उत्तर प्रदेश से जुड़ा माना जा रहा है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने संगठन में यूपी से जुड़े कई चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने के साथ उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दिए जाने की खबर खास तौर पर महत्वपूर्ण है। अमेठी से राहुल गांधी को हराकर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाने वाली स्मृति ईरानी की संगठन में वापसी को 2027 के यूपी चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

वहीं बस्ती से आने वाले हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। ऐसे में यूपी के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को साधने की कोशिश नई टीम में साफ दिखाई देती है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक नई टीम में यूपी के कई नेताओं को जगह मिली है।

राम माधव की वापसी ने चौंकाया

भाजपा की नई टीम में राम माधव की वापसी भी बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम है। उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के संगठन और रणनीतिक मामलों में लंबे अनुभव वाले राम माधव की वापसी को नई टीम में पुराने अनुभव और संगठनात्मक कौशल को जोड़ने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

वसुंधरा राजे को फिर मिली राष्ट्रीय भूमिका

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने से राजस्थान की राजनीति में भी इसके अलग-अलग सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका देकर उनके अनुभव को केंद्रीय स्तर पर इस्तेमाल करने का संकेत दिया है।

नई टीम में महिलाओं को भी उल्लेखनीय प्रतिनिधित्व मिला है। 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में छह महिलाएं शामिल हैं।

2027 से 2029 तक: नितिन नवीन के सामने बड़ी चुनौती

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के करीब सात महीने बाद नितिन नवीन की टीम का ऐलान हुआ है। अब इस टीम के सामने सबसे पहली बड़ी राजनीतिक परीक्षा 2027 के विधानसभा चुनाव होंगे। उत्तर प्रदेश के अलावा इसी दौर में कई अन्य राज्यों में भी चुनाव होने हैं। इसके बाद 2028 के विधानसभा चुनाव और फिर 2029 का लोकसभा चुनाव भाजपा संगठन की अगली बड़ी परीक्षा होंगे।

यानी नई टीम सिर्फ संगठनात्मक नियुक्तियों की सूची नहीं, बल्कि आने वाले चुनावी वर्षों के लिए भाजपा की रणनीतिक टीम के रूप में भी देखी जा रही है।

PM मोदी ने दी नई टीम को बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नई टीम में संगठनात्मक अनुभव, ऊर्जा और जमीनी जुड़ाव का मेल है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम पार्टी को मजबूत करने और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

नितिन नवीन बोले, ‘संगठन को नई गति मिलेगी’

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी नई टीम के सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि अनुभव और ऊर्जा से समृद्ध यह टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संगठन को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि टीम पार्टी को और मजबूत करते हुए ‘विकसित भारत’ के संकल्प और राष्ट्रसेवा के ध्येय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed