सावन के आखिरी सोमवार पर शिवमय हुआ गुलमोहर एनक्लेव
भोले के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब
NEWS1UP
धर्म-कर्म डेस्क
गाजियाबाद। सावन के चौथे और आखिरी सोमवार पर राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव का श्री शिव बालाजी धाम मंदिर आस्था और भक्ति का केंद्र बन गया। सुबह चार बजे कपाट खुलते ही भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लग गई। देखते ही देखते मंदिर परिसर शिवभक्तों से भर गया। गुलमोहर एनक्लेव के अलावा आसपास की सोसायटियों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचे।
मंदिर में दिनभर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, पुष्प और दूध अर्पित किया। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
वैदिक मंत्रों के बीच हुआ रुद्राभिषेक
मंदिर के पुजारी पंडित राजीव मिश्रा ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कराया। रुद्राभिषेक के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल चरम पर रहा। मंत्रोच्चार और शिव जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
आस्था के साथ दिखी सोसायटी की एकजुटता

RWA की पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी ने कहा कि सावन के आखिरी सोमवार पर मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ भगवान शिव के प्रति लोगों की गहरी आस्था को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन केवल पूजा तक सीमित नहीं होते, बल्कि सोसायटी के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने और आपसी भाईचारा मजबूत करने का माध्यम भी बनते हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मंदिर से सोसायटी गेट तक बंटा प्रसाद
जलाभिषेक और पूजा के बाद मंदिर परिसर के साथ सोसायटी के मुख्य गेट पर भी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए भक्तों की भीड़ देर तक बनी रही। सावन के आखिरी सोमवार पर सुबह से दिनभर श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना जारी रहा। हर-हर महादेव के जयघोष, रुद्राभिषेक और भक्तों की आस्था ने पूरे गुलमोहर एनक्लेव को शिवमय कर दिया।
