November 5, 2026
[t4b-ticker]

वेव सिटी में 24.85 लाख की लूट का खुलासा, मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार

0
FF

पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश घायल, 5 लाख रुपये समेत दो तमंचे और कारतूस बरामद

लूट की बाकी रकम और अन्य आरोपियों की तलाश जारी

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र में 21 अगस्त को हुई 24 लाख 85 हजार रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मंगलवार को संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान लूट में वांछित दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी। उनके कब्जे से 5 लाख रुपये, दो तमंचे, कारतूस और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई है।

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को मेरठ निवासी गिलमान से स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने 24.85 लाख रुपये लूट लिए थे। मामले में वेव सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।

मंगलवार को स्वाट टीम को सूचना मिली कि लूट में शामिल दो आरोपी बिना नंबर की बाइक से वेव सिटी क्षेत्र में घूम रहे हैं। राजा जी रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा करने पर दोनों ने बाइक छोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

लूट का खुलासा करतीं एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल

ACP प्रियाश्री पाल अनुसार, जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। आरोपियों की पहचान सद्दाम निवासी अर्थला, साहिबाबाद और आसिफ निवासी लिसाड़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों के पास से 5 लाख रुपये, दो .315 बोर के अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, चार खोखे और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि 24.85 लाख रुपये की पूरी लूट में कितने लोग शामिल थे और बाकी रकम कहां है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed