November 5, 2026
[t4b-ticker]

इस्तीफे, बदले नोटिस और चुनावी विवाद! गुलमोहर एन्क्लेव RWA में क्या चल रहा है ?

0
FF

अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के इस्तीफे के बाद 6 सितंबर की GBM पर सवाल, स्वतंत्र चुनाव अधिकारी की मांग

NEWS1UP

एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क

गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी की RWA में चुनाव को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के इस्तीफे के बाद 6 सितंबर को प्रस्तावित GBM को लेकर सोसायटी के भीतर सवाल उठ रहे हैं। निवासी गौरव बंसल ने प्रशासन से बैठक स्थगित कराने और स्वतंत्र चुनाव अधिकारी की निगरानी में निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की है।

गौरव बंसल ने बुधवार को जिलाधिकारी के नाम शिकायत अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ज्योति मौर्या को सौंपी। शिकायत की प्रतियां पुलिस कमिश्नर कार्यालय, डिप्टी रजिस्ट्रार, जीडीए, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को भी भेजी गई हैं। उनके साथ दिनेश सिंह और रामसरण जग्गा भी मौजूद रहे।

इस्तीफों के बाद कार्यकारिणी की वैधानिकता पर सवाल

शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि जब RWA के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष इस्तीफा दे चुके हैं, तो मौजूदा कार्यकारिणी की वैधानिक स्थिति क्या है ? ऐसे में सचिव द्वारा GBM बुलाने और चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाने के अधिकार की जांच जरूरी है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि RWA सचिव ए.के. दोहरे ने भी लिखित इस्तीफा दिया था, जिसे करीब 24 घंटे बाद वापस ले लिया गया। इस घटनाक्रम की भी जांच की मांग की गई है।

तीन नोटिसों ने बढ़ाया विवाद

शिकायत में सचिव की ओर से जारी तीन अलग-अलग नोटिसों का भी उल्लेख है। शिकायतकर्ता के अनुसार, बैठक को लेकर नोटिसों में लगातार बदलाव किए गए, जिससे निवासियों के बीच भ्रम की स्थिति बनी। इन नोटिसों की वैधानिकता और उन्हें जारी करने के आधार की जांच की मांग की गई है।

GBM से पहले प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग

गौरव बंसल ने आशंका जताई है कि मौजूदा विवाद के बीच 6 सितंबर की बैठक में कहासुनी या टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से बैठक स्थगित कराने की मांग करते हुए कहा कि पहले RWA की मौजूदा स्थिति स्पष्ट की जाए।

साथ ही मांग की गई है कि डिप्टी रजिस्ट्रार या जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्र चुनाव अधिकारी नियुक्त किया जाए, जिसकी निगरानी में मतदाता सूची, चुनाव कार्यक्रम और पूरी चुनाव प्रक्रिया तय कर नई कार्यकारिणी का चुनाव कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed