गुलमोहर ग्रीन्स में बड़ा फैसला: 10 में 10 सीटें ‘टीम गुलमोहर’ के नाम
हाईकोर्ट की लड़ाई और बिल्डर-GDA विवाद के बीच ‘प्रगति पथ’ का पूरा पैनल हारा
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। मोहन नगर स्थित गुलमोहर ग्रीन्स सोसाइटी के AOA चुनाव में ‘टीम गुलमोहर’ ने सभी दस सीटों पर जीत दर्ज की है। ‘प्रगति पथ’ के सभी दस प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा। बिल्डर द्वारा कंप्लीशन सर्टिफिकेट के बिना कब्जा दिए जाने के आरोप, GDA से जुड़े सवालों और इलाहाबाद हाईकोर्ट में चल रही कानूनी लड़ाई की पृष्ठभूमि में हुए इस चुनाव के नतीजे पर सोसाइटी की नजरें टिकी थीं।
रविवार को नामित चुनाव अधिकारी की देखरेख में हुए मतदान में 556 निवासियों ने मताधिकार का प्रयोग किया। सोमवार को हुई वोटों की गिनती में टीम गुलमोहर के शोभित सिरोही 312 वोट के साथ सर्वाधिक मत पाने वाले प्रत्याशी रहे। सुभाष कौशिक को 309 और दिनेश सिंह बिष्ट को 306 वोट मिले।
सूर्यमान यादव को 304, संजीव सक्सेना को 297, अवधेश त्रिपाठी को 295, अजय प्रताप सिंह को 283, विजय वीर सिंह राणा को 280 और राकेश रमन को 272 वोट मिले।

हाईकोर्ट की लड़ाई के बीच चुनाव
गुलमोहर ग्रीन्स में बिल्डर और GDA से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर कुछ निवासी इलाहाबाद हाईकोर्ट में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। टीम गुलमोहर के कई सदस्य इस मामले में याचिकाकर्ताओं के रूप में शामिल हैं। चुनाव से ठीक एक दिन पहले हाईकोर्ट द्वारा नियुक्त दो कोर्ट कमिश्नरों ने सोसाइटी का निरीक्षण किया था। इसके अगले ही दिन हुए AOA चुनाव में टीम गुलमोहर के पूरे पैनल की जीत हुई।
सोसाइटी में बिल्डर द्वारा कंप्लीशन सर्टिफिकेट के बिना कब्जा दिए जाने से जुड़े सवाल भी विवाद का हिस्सा रहे हैं। इन मुद्दों को लेकर निवासियों और बिल्डर के बीच लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई है।
यह भरोसे की जीत
सबसे अधिक वोट पाने वाले शोभित सिरोही ने कहा कि चुनाव परिणाम सोसाइटी के निवासियों के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बिल्डर और GDA से जुड़े अधिकारों की लड़ाई को अब और मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
अब नई AOA के सामने चुनौती
सभी दस सीटों पर जीत के बाद नई AOA के सामने सोसाइटी के लंबित मुद्दों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी। हाईकोर्ट की कार्यवाही, बिल्डर से जुड़े विवाद, कंप्लीशन सर्टिफिकेट का मुद्दा और GDA की भूमिका आने वाले समय में नई टीम के लिए प्रमुख विषय रहेंगे।
