पंचशील प्रिमरोज में मतदान से चंद घंटे पहले टला AOA चुनाव! अब 4 अक्टूबर को होगी वोटिंग!!
निर्वाचन अधिकारी ने बताया ‘अपरिहार्य कारण’
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। गोविंदपुरम अनाज मंडी के सामने स्थित पंचशील प्रिमरोज सोसाइटी में रविवार, 27 सितंबर को प्रस्तावित AOA चुनाव मतदान से ठीक पहले स्थगित कर दिया गया। नामित निर्वाचन अधिकारी जिला मलेरिया अधिकारी की ओर से 26 सितंबर को जारी सूचना में चुनाव स्थगित करने की वजह “अपरिहार्य परिस्थितियां” बताई गई है। अब 4 अक्टूबर 2026 को मतदान कराए जाने का प्रस्ताव रखा गया है।
नामांकन पूरा, 19 प्रत्याशी मैदान में
निर्वाचन अधिकारी की सूचना के मुताबिक चुनाव के लिए 18 सितंबर 2026 तक नामांकन संबंधी कार्यवाही पूरी कर ली गई थी। इसके बाद 27 सितंबर को मतदान होना था। लेकिन मतदान की तारीख आने से ठीक पहले चुनाव स्थगित कर दिया गया।
सूचना में प्रत्याशियों के पैनल आदि को सम्मिलित करते हुए 4 अक्टूबर को मतदान कराए जाने का प्रस्ताव रखा गया है।
अब 4 अक्टूबर पर टिकी निगाहें
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने और 19 प्रत्याशियों के चुनाव मैदान में होने के बाद मतदान स्थगित होने से अब प्रत्याशियों के साथ सोसाइटी के मतदाताओं को भी एक सप्ताह और इंतजार करना होगा।
