मोती रेजीडेंसी में पावर फ्लक्चुएशन के बीच लिफ्ट फेल! गर्भवती महिला समेत महिलाएं-बच्चे फंसे!!
तेज झटके और धमाके जैसी आवाज के बाद बीच रास्ते में बंद हुई लिफ्ट, इंटरकॉम भी नहीं था उपलब्ध
कड़ी मशक्कत से करीब 15 मिनट बाद रेस्क्यू
NEWS1UP
संवाददाता
राजनगर एक्सटेंशन। राजनगर एक्सटेंशन स्थित मोती रेजीडेंसी में शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे B-टावर की बड़ी लिफ्ट में तीन महिलाएं, दो बच्चे, एक शिशु और तीन पुरुष फंस गए। इनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल बताई गई है। घटना ने सोसायटी की लिफ्ट सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हादसे के शिकार B-903 निवासी कुमार रितेश के मुताबिक, लिफ्ट में सवार होने से पहले सोसायटी में लगातार बिजली आ-जा रही थी और पावर फ्लकचुएशन हो रहा था। जैसे ही लिफ्ट ग्राउंड फ्लोर पर पहुंची, अचानक तेज झटका लगा और धमाके जैसी आवाज के साथ लिफ्ट बंद हो गई। लिफ्ट जीरो और ग्राउंड फ्लोर के बीच फंस गई और अंदर मौजूद लोगों के बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं था। रितेश के अनुसार, लिफ्ट में इंटरकॉम तक उपलब्ध नहीं था।

रितेश ने बताया कि लिफ्ट में फंसी महिलाएं और बच्चे डर के कारण रोने लगे। करीब पांच मिनट बाद एक इलेक्ट्रीशियन पहुंचा, लेकिन वह भी तत्काल लिफ्ट खोलने का तरीका नहीं समझ सका। बाद में वह लिफ्ट की छत पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट को मैनुअल तरीके से ऐसी स्थिति में लाया गया, जिससे लोगों के बाहर निकलने का रास्ता बना। रितेश के मुताबिक, रेस्क्यू की पूरी प्रक्रिया में करीब 15 मिनट लगे और इस दौरान लिफ्ट का दरवाजा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

लिफ्ट तकनीशियन की व्यवस्था पर सवाल
रितेश का आरोप है कि सोसायटी में एक भी स्थायी Lift Technician उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह मेंटेनेंस ऑफिस में घटना का CCTV Footage मांगने पर उनके अनुसार फुटेज देने से इंकार कर दिया गया।
जिलाधिकारी को शिकायत, जांच की मांग
घटना के बाद निवासियों ने डीएम को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजी है। शिकायत में बिल्डर पर लिफ्ट की उचित मेंटेनेंस नहीं कराने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप लगाए गए हैं। निवासियों के अनुसार, सोसायटी में पहले भी लिफ्ट से जुड़ी घटनाएं हो चुकी हैं।
निवासियों ने लिफ्टों की तकनीकी स्थिति, मेंटेनेंस रिकार्ड्स, इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। घटना के बाद सोसायटी में लिफ्ट की सुरक्षा को लेकर चिंता और दहशत का माहौल है।
