रामविलास पासवान की विरासत को यूपी में भी मिलेगा पूरा सम्मान: योगी
राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि
रामविलास जी को जो सम्मान बिहार में मिला, वही यूपी में भी दिलाएंगेः मुख्यमंत्री
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक स्व. रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर गुरुवार को लखनऊ में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि रामविलास पासवान जुझारू तेवर वाले जननेता थे। उन्होंने अपने संघर्षशील व्यक्तित्व और राजनीतिक जीवन के माध्यम से सामाजिक चेतना को नया आयाम प्रदान किया।

सुशांत गोल्फ सिटी में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में भजनों का श्रवण कर उपस्थित लोगों ने आध्यात्मिक वातावरण में उन्हें याद किया। लखनऊ में पासवान की छठी पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी की पुष्टि भी हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि करीब 50 वर्ष पहले बिहार की धरती पर एक ऐसे युवा नेता का अभ्युदय हुआ, जिसने दलितों और वंचितों की आवाज को मजबूती से उठाया। बिहार की जनता ने उनकी आवाज को सम्मान दिया और रामविलास पासवान को भारी जनसमर्थन के साथ संसद तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि पासवान ने भारतीय राजनीति के माध्यम से अपना जीवन सामाजिक चेतना को जागृत करने और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों का भारत बनाने के लिए समर्पित किया।
संसद में साथ काम करने का भी साझा किया अनुभव
मुख्यमंत्री ने कहा कि बतौर सांसद उन्हें भी रामविलास पासवान के साथ लंबे समय तक संसद में कार्य करने का अवसर मिला। उनके मन में भारत की परंपरा और संस्कृति के प्रति सदैव श्रद्धा और सम्मान की भावना रही। उनका संकल्प था कि दलित और वंचित समाज को न्याय मिले, उन्हें समाज की मुख्यधारा में सम्मान और उचित स्थान प्राप्त हो। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने लगातार काम किया।
बिहार जैसा सम्मान यूपी में भी दिलाने का भरोसा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामविलास पासवान की पुण्यतिथि को बिहार में राष्ट्रीय समारोह के रूप में आयोजित किए जाने पर बिहार सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान ने जो कहा, उसी के अनुरूप अपना जीवन जिया और अपने संकल्पों से कभी पीछे नहीं हटे।
उत्तर प्रदेश में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के आयोजन के लिए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि रामविलास पासवान को बिहार में जो सम्मान मिला है, वही सम्मान उत्तर प्रदेश में भी दिलाया जाएगा।
चिराग पासवान बढ़ा रहे हैं रामविलास जी का मिशन
योगी ने कहा कि रामविलास पासवान की अनुपस्थिति निश्चित रूप से महसूस होती है, लेकिन संतोष इस बात का है कि उनके पुत्र चिराग पासवान उनके मिशन को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सान्निध्य में केंद्रीय मंत्री के रूप में चिराग पासवान विभिन्न मंचों पर अपनी आवाज को मजबूती से उठा रहे हैं।
सहजता और सदाशयता हर किसी का दिल छू लेती थी
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामविलास पासवान ने सामाजिक न्याय की लड़ाई को बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ाया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।
योगी ने कहा कि चुनावी जनसभाओं से लेकर सार्वजनिक जीवन के अन्य अवसरों तक रामविलास पासवान की सहजता, आत्मीयता और सदाशयतापूर्ण व्यवहार हर किसी के हृदय को छू लेता था।
