November 5, 2026
[t4b-ticker]

गाजियाबाद में 23.94 लाख मतदाताओं की सूची होगी अपडेट, 12 नवंबर से दावे-आपत्तियों का मौका!

0
RD

विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, 16 से 18 अक्टूबर तक मतदान केंद्रों का सत्यापन

26 अक्टूबर तक तय होंगे संशोधित प्रस्ताव

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच गाजियाबाद जिले में मतदान केंद्रों के सत्यापन और मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों में दर्ज करीब 23.94 लाख मतदाताओं की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली को अपडेट किया जाएगा। इसके साथ ही मतदान केंद्रों और मतदान स्थलों की व्यवस्था की भी समीक्षा होगी, ताकि आगामी चुनाव के लिए निर्वाचन संबंधी तैयारियों को समय रहते पूरा किया जा सके।

महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांडड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मतदान केंद्रों के सत्यापन, संशोधित प्रस्ताव तैयार करने और मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम पर चर्चा हुई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी मतदान केंद्रों में बदलाव और अन्य सुझाव समय पर देने की अपील की गई।

12 नवंबर को प्रकाशित होगी मतदाता सूची की प्रारूप प्रति

भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का आलेख्य यानी प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या अन्य त्रुटियों को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन चार जनवरी 2027 को प्रस्तावित है।

इस प्रक्रिया के तहत मतदाताओं को सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरण जांचने का अवसर मिलेगा। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में दर्ज नहीं है या जिनकी जानकारी में कोई गलती है, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दावा या आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।

मतदान केंद्रों पर भी होगी नजर, 26 अक्टूबर तक तैयार होगा संशोधित प्रस्ताव

मतदाता सूची के पुनरीक्षण के साथ जिले के सभी मतदान केंद्रों का सत्यापन भी 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक कराया जाना है। सत्यापन के बाद प्रति मतदान केंद्र 1,200 मतदाताओं के मानक के आधार पर पोलिंग स्टेशनों से संबंधित संशोधित प्रस्ताव तैयार किया जाएगा और राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराया जाएगा।

राजनीतिक दलों से मिले सुझावों की जांच के बाद 26 अक्टूबर तक प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को संबंधित अभिलेखों के साथ प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग के अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। जिला प्रशासन ने राजनीतिक दलों से कहा है कि मतदान केंद्रों के स्थान या व्यवस्था में किसी तरह के बदलाव का सुझाव हो तो उसे संबंधित उप जिलाधिकारी अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में तत्काल उपलब्ध कराएं।

छह विधानसभा क्षेत्रों में 23.94 लाख मतदाता

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, जिले की लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और धौलाना आंशिक विधानसभा क्षेत्रों में कुल 23,94,117 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 13,34,854 पुरुष, 10,59,129 महिलाएं और 130 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।

निर्वाचन संबंधी व्यवस्था के विवरण में 860 मतदान केंद्र, 3,071 प्रस्तावित मतदान स्थल, 3,358 बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और 336 सुपरवाइजर का उल्लेख किया गया। मतदान केंद्रों के सत्यापन और मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान इन व्यवस्थाओं की अहम भूमिका रहेगी।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी रहे मौजूद

बैठक में एडीएम एल/ए अवनीश सिंह के अलावा समाजवादी पार्टी से ताहिर हुसैन, बहुजन समाज पार्टी से मनोज कुमार, कांग्रेस से डॉ. बाबूराम आर्य और सीपीएम से त्रिफूल सिंह सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed