November 5, 2026
[t4b-ticker]

महिलाओं के श्रम और संघर्ष को मिलेगा सम्मान, 22 नवंबर को दादरी में होगा विशेष समारोह!

0
F

अपना अधिकार जनहित सामाजिक संस्था की पहल, कामगार महिलाओं के योगदान को पहचान दिलाने की तैयारी

NEWS1UP

संवाददाता

दादरी। समाज की प्रगति में महिलाओं के श्रम, संघर्ष और समर्पण की भूमिका अहम है, लेकिन अक्सर उनकी मेहनत को वह सामाजिक पहचान नहीं मिल पाती, जिसकी वे हकदार हैं। इसी योगदान को सम्मान देने और महिला सशक्तिकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अपना अधिकार जनहित सामाजिक संस्था आगामी 22 नवंबर को दादरी पब्लिक स्कूल में कामगार महिला सम्मान समारोह का आयोजन करेगी।

समारोह का उद्देश्य उन कामगार महिलाओं के परिश्रम और सेवाभाव को सम्मानित करना है, जो अपने अथक प्रयासों से परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। संस्था की इस पहल को महिला सम्मान और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

गणमान्य व्यक्तियों को सौंपे जा रहे निमंत्रण

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संस्था के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में समाज के वरिष्ठ एवं गणमान्य व्यक्तियों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और विद्यालयों के प्रतिनिधियों से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें समारोह के निमंत्रण पत्र सौंपे जा रहे हैं। संस्था की ओर से सभी आमंत्रित अतिथियों से कार्यक्रम में सहभागिता करने का अनुरोध किया गया है।

कामगार महिलाओं का सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी

संस्था के संयोजक अभिषेक मैत्रेय ने कहा कि कामगार महिलाएं अपने परिश्रम और संघर्ष से न केवल अपने परिवार को संबल प्रदान करती हैं, बल्कि समाज की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके योगदान को पहचान देना और उन्हें उचित सम्मान प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मैत्रेय ने कहा कि-

महिला सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे सामाजिक व्यवहार और सामूहिक प्रयासों में भी दिखाई देना चाहिए!

उनका कहना कि ऐसे आयोजन महिलाओं के प्रति सम्मान, समानता और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करने के साथ ही समाज को सकारात्मक दिशा देने का काम करते हैं।

सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों से अपील

अपना अधिकार जनहित सामाजिक संस्था ने समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक संगठनों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों से 22 नवंबर को आयोजित होने वाले इस समारोह में शामिल होने की अपील की है। संस्था का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता से कामगार महिलाओं के योगदान को व्यापक पहचान मिले और समाज में महिला सम्मान एवं सशक्तिकरण का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed