November 5, 2026
[t4b-ticker]

PNB घोटाले पर किसानों की महापंचायत, खाताधारकों का पैसा लौटाने की मांग!

0
F1

किसान नेता बृजेश भाटी ने दी दिल्ली कूच की चेतावनी

NEWS1UP

संवाददाता

ग्रेटर नोएडा। पंजाब नेशनल बैंक की ऐच्छर शाखा में करोड़ों रुपये के गबन का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। खाताधारकों को उनका पैसा वापस दिलाने और घोटाले में शामिल बैंक कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को बैंक के सामने किसानों ने विशाल पंचायत की। किसान नेता बृजेश भाटी के नेतृत्व में हुई इस पंचायत में पीड़ित खाताधारकों और समाजसेवियों ने भी हिस्सा लिया।

किसान नेता बृजेश भाटी ने कहा कि-

बैंक की ओर से अभी तक कुछ ही खाताधारकों का पैसा वापस किया गया है, जबकि बाकी लोग अपनी जमा पूंजी के लिए परेशान होकर भटक रहे हैं!

त्योहारों का समय नजदीक है। ऐसे में जिन लोगों की मेहनत की कमाई बैंक में फंसी हुई है, वे बिना पैसे के त्योहार कैसे मनाएंगे ? बैंक ने सभी का पैसा धीरे-धीरे वापस करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक सभी पीड़ितों को राहत नहीं मिली है।

उन्होंने मांग की कि इस घोटाले में शामिल सभी दोषी बैंक कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। केवल छोटे कर्मचारियों को कार्रवाई का मोहरा बनाकर बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाया नहीं जाना चाहिए। भाटी ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ितों को न्याय नहीं मिला और सभी का पैसा वापस नहीं किया गया तो किसान दिल्ली कूच करेंगे और पंजाब नेशनल बैंक के मुख्यालय पर धरना देंगे।

पंचायत के दौरान आक्रोशित लोग बैंक परिसर के अंदर भी पहुंच गए और नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों और खाताधारकों को शांत कराया।

पुलिस का कहना है कि-

अब तक 16 खाताधारकों की रकम वापस की जा चुकी है और पूरे मामले की जांच सीबीआई कर रही है!

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बैंकिंग प्रक्रिया के तहत खाताधारकों का पैसा धीरे-धीरे वापस आना शुरू हो गया है। बैंक प्रबंधन ने भी सभी पीड़ितों को उनकी जमा रकम ब्याज सहित लौटाने का भरोसा दिया है।

हालांकि, पीड़ित खाताधारकों की मांग साफ है कि आश्वासन नहीं, उन्हें उनकी पूरी जमा पूंजी जल्द से जल्द वापस चाहिए और घोटाले के सभी जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed