November 6, 2026
[t4b-ticker]

तीन पीढ़ियां, एक भविष्य! अखिलेश यादव के पोस्टर से यूपी की सियासत में नई चर्चा

0
FF

मिलेनियल्स, जेन-जी और जेन-अल्फा को जोड़ने की कोशिश

दिवाली पर सपा कार्यालय के बाहर लगा पोस्टर, कांग्रेस ने भी किया समर्थन

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। दीपावली के त्योहार से पहले समाजवादी पार्टी ने एक पोस्टर के जरिए उत्तर प्रदेश की सियासत में नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है। राजधानी लखनऊ में पार्टी कार्यालय के बाहर लगाए गए इस पोस्टर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव को तीन पीढ़ियों का साझा नेता बताते हुए भविष्य की राजनीति का चेहरा पेश किया गया है। पोस्टर पर लिखा नारा ‘थ्री जनरेशन, वन फ्यूचर : अखिलेश’ अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

सपा नेता इंजीनियर हिमांशु द्विवेदी की ओर से लगवाए गए इस पोस्टर में अखिलेश यादव की बड़ी तस्वीर के साथ नई पीढ़ी को जोड़ने वाला खास राजनीतिक संदेश दिया गया है। पोस्टर में तीन पीढ़ियों को तीन अलग-अलग नारों के जरिए परिभाषित किया गया है, ‘मिलेनियल्स पावर’, ‘जेन-जी ड्राइव’ और ‘जेन-अल्फा एक्शन’।

इसके साथ दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए नारा दिया गया है,

‘अंधकार पर प्रहार, अखिलेश हैं तैयार!’

इस पोस्टर की खास बात यह है कि इसमें समाजवादी पार्टी के चर्चित पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को नई पीढ़ी की राजनीतिक भाषा से जोड़ने की कोशिश दिखाई देती है। मिलेनियल्स, जेन-जी और जेन-अल्फा के जरिए पार्टी ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि अखिलेश यादव केवल परंपरागत सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों तक सीमित नहीं, बल्कि युवा और आने वाली पीढ़ी की राजनीति से भी खुद को जोड़ रहे हैं।

राजनीतिक नजरिए से देखें तो यह पोस्टर केवल दीपावली की शुभकामनाओं तक सीमित नहीं है। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच तीन पीढ़ियों को एक साथ जोड़ने का यह संदेश सपा की राजनीतिक रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है। हालांकि, पोस्टर के जरिए दिया गया यह संदेश कितना व्यापक जनसमर्थन हासिल कर पाता है, यह आने वाला समय बताएगा।

कांग्रेस ने भी पोस्टर को दी सकारात्मक ऊर्जा की संज्ञा

सपा के इस पोस्टर पर उसके सहयोगी दल कांग्रेस की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने इसका समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस पोस्टर को सकारात्मक ऊर्जा के रूप में देखती है।

उन्होंने कहा कि यदि इंडिया गठबंधन के साथी अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी जेन-जी को साधने की कोशिश कर रहे हैं तो वे राहुल गांधी के सपने को आगे बढ़ा रहे हैं। मिलेनियल्स को जोड़ने का प्रयास भी राहुल गांधी, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के साझा सपनों को साकार करने की दिशा में है।

सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि इंडिया गठबंधन नल-नील, कोल-भील, पिछड़े, दलित, आदिवासी, महिलाओं, नौजवानों, किसानों, अल्पसंख्यकों और पीड़ित, शोषित व वंचित वर्गों को साथ लेकर भारतीय जनता पार्टी के कुशासन को उखाड़ फेंकने के लिए संघर्ष करेगा।

नई पीढ़ी पर नजर, सियासी संदेश में भी बदलाव

दरअसल, उत्तर प्रदेश की राजनीति में जातीय और सामाजिक समीकरणों के साथ युवा मतदाताओं की भूमिका भी लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। ऐसे में सपा के इस पोस्टर को पार्टी की पारंपरिक राजनीतिक जमीन के साथ नई पीढ़ी को जोड़ने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। कांग्रेस के समर्थन ने इस संदेश को इंडिया गठबंधन की साझा राजनीतिक सोच से जोड़ने का भी अवसर दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *