गणतंत्र दिवस पर ‘क्रॉसिंग रिपब्लिक’ में फिटनेस और एकजुटता की दौड़!
8 से 80 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने दी ‘फिट इंडिया’ की सशक्त मिसाल
NEWS1UP
प्रभात अरोड़ा
गाजियाबाद। 77वें गणतंत्र दिवस के गौरवशाली अवसर पर क्रॉसिंग रिपब्लिक सामाजिक एकजुटता, देशभक्ति और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश का साक्षी बना। क्रॉसिंग रिपब्लिक संस्कृति समिति (CRKSS), सीआईपीएल और क्रोमा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य मैराथन में हर उम्र के लोगों ने हिस्सा लेकर यह सिद्ध कर दिया कि फिटनेस की कोई उम्र नहीं होती।
गणतंत्र दिवस की सुबह देशभक्ति के वातावरण के बीच शुरू हुई इस मैराथन में जहां मात्र 8 वर्ष के नन्हे बच्चों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ दौड़ में भाग लिया, वहीं 70 से 80 वर्ष की आयु के बुजुर्ग प्रतिभागियों ने भी भरपूर ऊर्जा के साथ दौड़ पूरी की। यह दृश्य उपस्थित लोगों के लिए प्रेरणादायक और भावनात्मक रहा।

मैराथन को हरी झंडी दिखाते हुए आयोजकों की ओर से कहा गया कि-
“आज की यह दौड़ केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज की एकजुटता और सामूहिक चेतना का प्रतीक है। बच्चों और बुजुर्गों का एक साथ सड़कों पर उतरना यह दर्शाता है कि हमारा क्रॉसिंग रिपब्लिक परिवार कितना सशक्त, जागरूक और अनुशासित है।”
आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के ‘फिट इंडिया’ अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूती देना और गणतंत्र दिवस को केवल औपचारिक आयोजनों तक सीमित न रखकर, उसे सामूहिक सहभागिता और सकारात्मक ऊर्जा के साथ मनाना था। मैराथन के दौरान सुरक्षा, अनुशासन और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे प्रतिभागियों और दर्शकों दोनों ने कार्यक्रम की खुले दिल से सराहना की।

दौड़ के समापन पर सभी प्रतिभागियों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई, वहीं विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में ध्वजारोहण किया गया और मिष्ठान वितरण हुआ, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति और उत्सव की भावना से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर क्रॉसिंग रिपब्लिक संस्कृति समिति, CIPL और CROMA के पदाधिकारी एवं सदस्य, साथ ही भारी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
