February 24, 2026

गुलमोहर गार्डन सोसायटी में AOA चुनाव को लेकर प्रशासन सख्त!

0
0
0

डिप्टी रजिस्ट्रार ने 45 दिन बाद भी प्रक्रिया शुरू न होने पर जारी की चेतावनी, कार्रवाई के संकेत

NEWS1UP

एओए/आरडब्लूए डेस्क

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित गुलमोहर गार्डन अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) में चुनाव प्रक्रिया को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स, द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा के बावजूद चुनाव प्रक्रिया शुरू न करना गंभीर लापरवाही है और नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा सकती है।

गौरतलब है कि डिप्टी रजिस्ट्रार ने 31 दिसंबर 2025 को सोसाइटी रजिस्ट्रेशन एक्ट 1860 की धारा 25(2) के अंतर्गत चुनाव की घोषणा करते हुए चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया था।

45 दिन बाद भी नहीं शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया

पत्र में इस बात का भी उल्लेख है कि 18 फरवरी को प्राप्त संयुक्त हस्ताक्षरित शिकायत में बताया गया कि आदेश जारी होने के 45 दिन बाद भी चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की गई है। चुनाव अधिकारी द्वारा 4 फरवरी को सोसाइटी के तत्कालीन बोर्ड से चुनाव खर्च एवं आवश्यक दस्तावेज मांगे गए थे, किंतु बोर्ड की ओर से अब तक कोई उत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया। साथ ही 7 फरवरी की चुनाव अधिकारी की टिप्पणी भी सार्वजनिक नहीं की गई।

आवश्यक दस्तावेज और 1 लाख रुपये जमा कराने के निर्देश

चुनाव प्रक्रिया शुरू करने के लिए 24 जनवरी को शाम 6:30 बजे बैठक आहूत किए जाने का जिक्र भी पत्र में है। इसके अतिरिक्त, डिप्टी रजिस्ट्रार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सोसाइटी प्रबंधन पूर्व वोटर लिस्ट, बाइलॉज, डीओडी तथा अनुमानित व्यय के रूप में 1,00,000 रुपये (एक लाख रुपये) कार्यालय में अग्रिम रूप से जमा कराए, ताकि चुनाव प्रक्रिया विधिवत प्रारंभ की जा सके।

सहयोग न करने पर होगी कठोर कार्रवाई

डिप्टी रजिस्ट्रार ने अपने पत्र में साफ कहा है कि यदि सोसाइटी प्रबंधन आवश्यक सहयोग प्रदान नहीं करता और चुनाव अधिकारी को वांछित अभिलेख उपलब्ध नहीं कराता, तो उत्तर प्रदेश अपार्टमेंट एक्ट 2010 एवं आदर्श उपविधि 2011 की धारा 26(1) के तहत अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित पदाधिकारियों की होगी।

बढ़ सकता है विवाद

गुलमोहर गार्डन सोसाइटी लंबे समय से आंतरिक प्रशासनिक विवादों के कारण चर्चा में रही है। अब प्रशासन की सख्ती के बाद सोसाइटी में चुनावी हलचल तेज होना तय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!