आशियाना ली रेजीडेंसी, लैंडक्राफ्ट और स्कारडी ग्रीन के संयुक्त आयोजन में अशियाना चौक पर पूजन, शाम को विधिवत दहन
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। रंगों के पावन पर्व होली से पूर्व गोल्फ लिंक्स टाउनशिप में सामूहिक उल्लास और सांस्कृतिक एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है। NH-24 स्थित टाउनशिप की प्रमुख आवासीय सोसाइटी, गोल्फ लिंक्स टाउनशिप के अंतर्गत आने वाली लैंडक्राफ्ट, स्कारडी ग्रीन एवं आशियाना ली रेजीडेंसी में होलिका दहन को लेकर उत्साह चरम पर है।
तीनों सोसाइटी के निवासियों ने एक बार फिर सामूहिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए संयुक्त रूप से होलिका दहन की तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले कई वर्षों से यह परंपरा निरंतर निभाई जा रही है, जिसने क्षेत्र में आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता को नई पहचान दी है।
अशियाना चौक पर होगा पूजन, शाम को विधिवत दहन
परंपरा के अनुसार होलिका दहन से पूर्व पूजन की रस्म अशियाना चौक पर संपन्न होगी, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालु महिलाएं और बुजुर्ग पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात सायंकाल निर्धारित मुहूर्त में विधिवत रूप से होलिका दहन किया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि उत्सव गरिमापूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है, सामूहिक प्रसाद वितरण की भी तैयारियां पूरे जोरों पर हैं।
होलिका दहन सामाजिक एकता का प्रतीक: आर.पी. शर्मा
आशियाना ली रेजीडेंसी के एओए अध्यक्ष आर.पी. शर्मा ने बताया-
आरपी शर्मा,AOA अध्यक्ष, आशियाना ली रेजीडेंसी
“होलिका दहन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। हमारी सोसाइटी में हर वर्ग और हर आयु के लोग मिलकर इस परंपरा को निभाते हैं। संयुक्त आयोजन से आपसी भाईचारा और विश्वास मजबूत होता है। हम सभी निवासियों से अपील करते हैं कि वे पर्यावरण के प्रति सजग रहते हुए उत्सव में भाग लें।”
उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान अग्नि सुरक्षा और स्वच्छता के विशेष निर्देश जारी किए गए हैं, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निष्काम सेवा ही हमारी पहचान: प्रीत मोहन सिंह
निष्काम सेवा समिति के अध्यक्ष प्रीत मोहन सिंह ने कहा-
प्रीत मोहन सिंह, अध्यक्ष, निष्काम सेवा समिति
होलिका दहन का यह सामूहिक कार्यक्रम तीनों सोसाइटी के बीच समन्वय और सहयोग का सुंदर उदाहरण है। हम चाहते हैं कि नई पीढ़ी भी इन परंपराओं के महत्व को समझे और सामाजिक जिम्मेदारी निभाए।”
उन्होंने बताया कि समिति के स्वयंसेवक आयोजन के दौरान व्यवस्था संभालेंगे तथा जरूरतमंदों के लिए प्रसाद एवं सहायता सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।
परंपरा, संस्कृति और आधुनिकता का संगम
गोल्फ लिंक्स टाउनशिप में होलिका दहन का यह संयुक्त आयोजन केवल धार्मिक रस्म तक सीमित नहीं, बल्कि साझा संस्कृति को जीवित रखने का प्रयास भी है। तीनों सोसाइटी के निवासियों का मानना है कि ऐसे आयोजन आपसी संवाद को बढ़ावा देते हैं और सामाजिक दूरी को कम करते हैं।उ