सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं: लायन विशाल वडेहरा

0
0
0

बाल मंदिर स्कूल में प्रतिभाओं का सम्मान

लायंस ओलंपियाड विजेताओं ने बढ़ाया मान

NEWS1UP

संवाददाता

नई दिल्ली। डिफेंस एनक्लेव स्थित बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को लायंस ओलंपियाड के प्रथम चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रार्थना सभा में आयोजित इस गरिमामय समारोह में विद्यार्थियों का उत्साह और आत्मविश्वास देखते ही बनता था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन विशाल वड़ेहरा ने कहा कि लायंस ओलंपियाड विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का सशक्त मंच है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और निरंतर परिश्रम, अनुशासन व सकारात्मक सोच ही सफलता का आधार हैं। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को प्रेरणा स्रोत बताते हुए अन्य छात्रों से भी अधिक मेहनत करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि संभागीय अध्यक्ष लायन वेद प्रकाश रुस्तगी ने प्रतियोगिताओं को व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि आज के दौर में केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और निरंतर सीखते रहने की सीख दी।

ओलंपियाड समन्वयक एवं जोन चेयरमैन लायन अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि लायंस ओलंपियाड का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।

विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती संतोष आहूजा ने लायंस क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और उनके आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन में समन्वयक श्वेता गुप्ता की भूमिका सराहनीय रही।

इस अवसर पर उप प्रांत पाल लायन महेश बंसल, क्लब अध्यक्ष लायन शैलेन्द्र मोहन, सचिव अंजू गुप्ता, लायन राम निवास सिंघल, लायन धीरेन्द्र जोशी एवं मीडिया प्रभारी मनोज अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!