टाटा मोटर्स का बड़ा माइलस्टोन: लखनऊ में10 लाखवीं बस को सीएम योगी ने दिखाई हरी झंडी
34 साल में रचा इतिहास
बोले योगी: टीमवर्क, ईमानदारी और ‘टाटा ट्रस्ट’ ही सफलता की असली ताकत
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को टाटा मोटर्स के प्लांट से 10 लाखवीं बस को हरी झंडी दिखाई। इस मौके को उन्होंने उत्तर प्रदेश को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में अहम पड़ाव बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 34 वर्षों की यह यात्रा केवल एक औद्योगिक उपलब्धि नहीं, बल्कि “टाटा के ट्रस्ट” और प्रदेश की बदलती कार्यसंस्कृति का प्रमाण है। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता टीमवर्क, कृतज्ञता और ईमानदारी पर निर्भर करती है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “बिगाड़ने वाले बहुत मिलते हैं, लेकिन बनाने वाले कम होते हैं”, इसलिए हर कर्मचारी को संगठन को परिवार की तरह समझते हुए उसकी एकता और विश्वास को बनाए रखना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण उत्तर प्रदेश में निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से बढ़ा है। एक्सप्रेसवे, बेहतर सड़क नेटवर्क और एयर कनेक्टिविटी ने प्रदेश को निवेश के लिए आकर्षक केंद्र बना दिया है।
उन्होंने कहा कि राज्य की 25 करोड़ आबादी और युवा वर्कफोर्स को स्किल, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी से जोड़कर इंडस्ट्री-रेडी बनाया जा रहा है, जिससे विकास को नई गति मिल रही है।
क्या बोले सीएम योगी
टाटा मतलब ट्रस्ट केवल धारणा नहीं, करोड़ों लोगों का अनुभव है
संगठन को मजबूत रखने के लिए बाहरी हस्तक्षेप से बचना जरूरी
टीमवर्क, ईमानदारी और प्रतिबद्धता ही सफलता का आधार
प्लांट की खास बातें

34 वर्षों में 10 लाख बसों का उत्पादन
5600 से अधिक लोगों को रोजगार
डीजल, CNG के साथ अब इलेक्ट्रिक और डिफेंस व्हीकल्स का निर्माण
‘लक्ष्य’ प्रोग्राम के तहत युवाओं को स्किल डेवलपमेंट
लखनऊ प्लांट आज तकनीकी प्रगति का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां तैयार की गई नई बसें आधुनिक फीचर्स और पर्यावरण के अनुकूल तकनीक से लैस हैं। यह संयंत्र न केवल रोजगार का बड़ा स्रोत है, बल्कि प्रदेश के औद्योगिक विकास की मजबूत नींव भी बन रहा है।

फ्लैग ऑफ के बाद मुख्यमंत्री ने बस में सवारी भी की और प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान टाटा समूह के वरिष्ठ अधिकारियों सहित राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहे। 10 लाखवीं बस का यह माइलस्टोन उत्तर प्रदेश को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन, एमडी एवं सीईओ गिरीश वाघ, वाइस प्रेसिडेंट ऑपरेशंस टाटा मोटर्स विशाल बादशाह उपस्थित रहे।
