अखिलेश यादव का धीरेंद्र शास्त्री पर फिर तीखा हमला!
अखिलेश ने कहा- सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले सभी कार्यक्रम रद्द किए जाएं
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान का मामला अभी थमा भी नहीं था कि बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भगवान श्रीराम को लेकर एक और वीडियो विवादों में आ गया है। वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री भगवान राम के पांच पिता होने की बात कहते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को साझा करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन पर तीखा हमला बोला है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सवाल उठाया कि आखिर कौन ऐसी बयानबाजी के लिए उन्हें सक्रिय कर रहा है ? उन्होंने इसे सनातन विरोधी बताते हुए धीरेंद्र शास्त्री के सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की। सपा प्रमुख ने लिखा कि राजनीतिक आकाओं को भले ही यह सब मंजूर हो, लेकिन उन्हें यह कतई स्वीकार्य नहीं है।
अखिलेश ने अपने पोस्ट में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब सच्चे सनातनी उनकी पर्ची लिखेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले भगवान श्रीकृष्ण को लेकर कथित विवादित बयान पर भी अखिलेश यादव ने कड़ी नाराजगी जताई थी। उन्होंने इसे ईशनिंदा बताते हुए वैधानिक कार्रवाई और धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रमों के बहिष्कार की अपील की थी।
