आधी दाढ़ी-मूंछ में ‘गृहकर वृद्धि’ के खिलाफ व्यापार मंडल अध्यक्ष का अनोखा प्रदर्शन

0

वधेश शर्मा ने नगर निगम पर लगाए गंभीर आरोप

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। उद्योग व्यापार मंडल, गाजियाबाद के अध्यक्ष अवधेश शर्मा ने नगर निगम द्वारा प्रस्तावित गृहकर वृद्धि के विरोध में शुक्रवार को अनोखे और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया। उन्होंने आधी दाढ़ी और मूंछ कटवाकर नगर निगम की कथित तानाशाही और आर्थिक शोषण के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

अवधेश शर्मा ने कहा कि नगर निगम द्वारा लागू की जा रही गृहकर वृद्धि योजना शहरवासियों पर अन्यायपूर्ण बोझ डालने वाली है। उनके अनुसार, जनता पर नाजायज कर वृद्धि थोपने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे वापस लेकर पूर्व की भांति पारदर्शी व्यवस्था के तहत हर दो वर्ष में 10 प्रतिशत की दर से ही बढ़ोतरी की जानी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि 10 अप्रैल 2026 को विशेष सचिव के पत्र के आधार पर नगर आयुक्त, महापौर और जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रेस वार्ता कर पुरानी दरों पर 10 से 15 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की गई, जबकि उनके अनुसार उस पत्र में दरों को केवल प्रस्तावित बताया गया था और बिना बोर्ड की स्वीकृति के कोई निर्णय लागू नहीं किया जा सकता।

अवधेश शर्मा ने यह भी कहा कि 30 जून 2025 को जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में गृहकर वृद्धि निरस्त किए जाने के बावजूद उसे प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया। उन्होंने इसे जनता के हितों की अनदेखी बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन द्वारा ब्याज और दंड राशि में राहत देने के अधिकारों को लेकर भी भ्रम की स्थिति पैदा की गई है। साथ ही कहा कि यदि नई व्यवस्था वर्ष 2024 से लागू मानी गई तो जिन नागरिकों ने पहले ही कर जमा कर दिया है, उन पर एरियर का बोझ पड़ सकता है।

व्यापार मंडल अध्यक्ष ने निगम प्रशासन द्वारा कर में छूट संबंधी चार्ट और गणना प्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि आम जनता के लिए इसे समझना कठिन है, जिससे भ्रष्टाचार की आशंका बढ़ सकती है।

उन्होंने कहा कि शहरवासियों के साथ मिलकर अब गृहकर वृद्धि के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।

इस प्रदर्शन में व्यापार मंडल के महामंत्री रामगोपाल, दिनेश जमदग्नि, गौरव शर्मा, अमित गुप्ता, मनोज गौड़, कपिल सक्सेना, तिलकराज अरोड़ा, आर.के. गोयल, आर.के. आर्य, रिटायर्ड डीएसपी पी.एन. सिंह, संजीव अग्रवाल, मनजीत सिंह, संतोष शर्मा, दिनेश गर्ग, राजकुमार त्यागी, अवस्थी जी, शुभम शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!