खुश ख़बर: राजनगर एक्सटेंशन की हम-तुम रोड के लिए आज खुलनी है वित्तीय बिड !
जीडीए ने तकनीकी बिड पहले ही कर दी मंजूर
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित हम-तुम रोड के चौड़ीकरण, ड्रेनेज एवं सीवर लाइन निर्माण कार्य को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने इस परियोजना के लिए प्राप्त चार निविदादाताओं की तकनीकी बिड को स्वीकृति प्रदान कर दी है, साथ ही जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने वित्तीय बिड खोलने की अनुमति भी दे दी है। इससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है और लंबे समय से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना के जल्द धरातल पर उतरने की उम्मीद बढ़ गई है।

प्राधिकरण कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार, राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र के अंतर्गत मेरठ रोड से आउटर रिंग रोड को जोड़ने वाली हम-तुम रोड के चौड़ीकरण, ड्रेनेज और सीवर लाइन डालने के कार्य हेतु ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के तहत चार कंपनियों की तकनीकी बिड जांच के बाद स्वीकृत की गई है। अब अगले चरण में वित्तीय बिड खोली जानी है, जिसके बाद निर्माण एजेंसी का चयन कर कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
आज ही खुलनी है वित्तीय बिड
जीडीए अधिकारियों ने बताया कि आज ही वित्तीय बिड ओपन होनी है और चार पात्र फर्मों में से नियमानुसार सबसे उपयुक्त बोलीदाता को कार्य आवंटित कर दिया जाएगा। हालांकि फिलहाल कुछ तकनीकी कारणों (डोंगल संबंधी समस्या) के चलते प्रक्रिया में हल्का विलंब हो रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही तकनीकी खामी दूर होगी, वित्तीय बिड खोलने और चयनित फर्म की घोषणा कर दी जाएगी।
यह सड़क राजनगर एक्सटेंशन की सबसे महत्वपूर्ण संपर्क सड़कों में मानी जाती है। लंबे समय से सड़क की जर्जर स्थिति, जलभराव, संकरी चौड़ाई और यातायात दबाव के कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी, जिससे आवागमन बाधित रहता था।
सात सोसायटियों और मोरटा गांव के लोगों का लंबा संघर्ष रंग लाया

हम-तुम रोड निर्माण को लेकर यहां स्थित सात प्रमुख सोसायटियों के निवासियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा मोरटा गांव के लोगों ने वर्षों तक लगातार संघर्ष किया। क्षेत्रवासियों ने कई बार धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन, जनप्रतिनिधियों से मुलाकात और प्राधिकरण अधिकारियों से वार्ता कर सड़क निर्माण की मांग उठाई। लगातार जनदबाव और सामूहिक प्रयासों का ही परिणाम है कि अब यह परियोजना निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हम-तुम रोड बनने से न केवल राजनगर एक्सटेंशन की हजारों आबादी को राहत मिलेगी, बल्कि मेरठ रोड, आउटर रिंग रोड और आसपास के क्षेत्रों से कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। इससे ट्रैफिक दबाव कम होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
जल्द शुरू हो सकता है निर्माण कार्य
जीडीए द्वारा वित्तीय बिड खोलने की अनुमति दिए जाने के बाद अब निर्माण एजेंसी चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उम्मीद जताई जा रही है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
क्षेत्रवासियों ने जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल और प्राधिकरण प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि यह कदम राजनगर एक्सटेंशन के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। अब लोगों की निगाहें निर्माण कार्य शुरू होने की तारीख पर टिकी हैं।
