गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण ! रफ्तार सड़क की नहीं, यूपी के विकास की है: पीएम मोदी

0

गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण पर पीएम मोदी ने की सीएम योगी के नेतृत्व में हो रहे विकास की सराहना

पीएम ने गंगा एक्सप्रेसवे को बताया विकास की नई लाइफलाइन, किसानों, उद्योग व युवाओं के लिए खुलेंगे अवसरों के द्वार

NEWS1UP 

भूमेश शर्मा

हरदोई। गंगा एक्सप्रेसवे के ऐतिहासिक लोकार्पण अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल की जमकर सराहना करते हुए कहा कि आज प्रदेश में सिर्फ एक्सप्रेसवे ही नहीं बन रहे, बल्कि इनसे भी तेज गति से उत्तर प्रदेश का समग्र विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे केवल सड़क परियोजना नहीं, बल्कि “नए उत्तर प्रदेश” की पहचान और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की नई लाइफलाइन है।

प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे बदलावों की तारीफ करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब पिछड़ेपन की पहचान नहीं, बल्कि विकास, निवेश और रोजगार का केंद्र बन चुका है।

किसानों, युवाओं और उद्योगों के लिए खुलेगा विकास का रास्ता

पीएम मोदी ने कहा कि पहले किसानों की फसलें समय पर बाजार तक नहीं पहुंच पाती थीं, लेकिन अब एक्सप्रेसवे से उत्पाद कम समय में मंडियों और बाजारों तक पहुंचेंगे, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी। मेरठ के स्पोर्ट्स गुड्स, हरदोई का हैंडलूम, उन्नाव का लेदर और प्रतापगढ़ के आंवला उत्पादों को नई बाजार सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे 12 जिलों में उद्योगों को आकर्षित करेगा और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करेगा।

हरिद्वार तक बढ़ेगा गंगा एक्सप्रेसवे

प्रधानमंत्री ने बताया कि यह एक्सप्रेसवे केवल पांच वर्षों में बनकर तैयार हुआ है और अब इसके विस्तार की योजना पर भी काम शुरू हो गया है। आने वाले समय में इसे मेरठ से आगे हरिद्वार तक ले जाया जाएगा। साथ ही इसे अन्य एक्सप्रेसवे से जोड़कर एक विशाल नेटवर्क तैयार किया जाएगा।

हरदोई में दिखा जनउत्सव, गूंजे जयकारे

कार्यक्रम स्थल हरदोई में उस समय उत्साह से भर उठा जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच पर पहुंचे। हजारों लोगों ने खड़े होकर उनका स्वागत किया। पूरा पंडाल “भारत माता की जय”, “जय श्रीराम”, “गंगा मैया की जय” और “हर-हर गंगे” के नारों से गूंज उठा।

भीषण गर्मी के बावजूद दूर-दराज जिलों से पहुंचे लोगों में भारी उत्साह देखा गया। लोग मोबाइल फोन से इस ऐतिहासिक पल को कैद करते नजर आए।

यूपी बदल रहा, निवेशकों की पहली पसंद बना प्रदेश

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तेजी से इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार हो रहा है। एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुआ है। राज्य में 21 एयरपोर्ट विकसित हो रहे हैं, जिनमें 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश को ‘बीमारू राज्य’ कहा जाता था, लेकिन आज वही प्रदेश 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेज़ी से बढ़ रहा है।

विपक्ष पर भी साधा निशाना

पीएम मोदी ने कहा कि पिछली सरकारों ने उत्तर प्रदेश की पहचान अपराध और जंगलराज से जोड़ दी थी। आज जिनके हाथ से सत्ता गई है, वे फिर समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता विकास चाहती है और उत्तर प्रदेश अब नई दिशा में आगे बढ़ चुका है।

विकास और आस्था का संगम बना गंगा एक्सप्रेसवे

प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे केवल सड़क नहीं, बल्कि जन-आकांक्षाओं, आस्था और विकास की नई यात्रा है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का माध्यम बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!