सार्वजनिक परिवहन से लेकर ‘वर्क फ्रॉम होम’ तक: योगी सरकार का नया अनुशासन मॉडल

0

मंत्रियों को सादगी और बचत का संदेश

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति और शासन व्यवस्था में एक नई कार्यसंस्कृति स्थापित करने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा संदेश दिया है। विस्तारित मंत्रिमंडल की पहली बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने, वाहन फ्लीट आधी करने और अगले छह माह तक विदेश यात्राओं से बचने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में ईंधन संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय दायित्व बन चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल-डीजल खपत कम करने के आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल को स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से कहा कि वे सप्ताह में एक दिन मेट्रो, बस, ई-रिक्शा, कारपूलिंग अथवा साइकिल जैसे सार्वजनिक साधनों का उपयोग करें। उनका मानना है कि जब जनप्रतिनिधि स्वयं इस दिशा में कदम बढ़ाएंगे तो आम जनता भी प्रेरित होगी।

अपने सरकारी आवास 5- कालिदास मार्ग, लखनऊ पर मंत्रिमंडल की बैठक करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ

वर्क फ्रॉम होम’ और हाइब्रिड बैठकों पर जोर

योगी ने शासन व्यवस्था को अधिक डिजिटल और संसाधन-संवेदनशील बनाने पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि अंतरजनपदीय बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम और विधानसभा-विधान परिषद की स्टैंडिंग कमेटियों की बैठकें अधिकतम हाइब्रिड मोड में आयोजित की जाएं।

उन्होंने 50 से अधिक कर्मचारियों वाले संस्थानों में सप्ताह में कम से कम दो दिन ‘वर्क फ्रॉम होम’ व्यवस्था अपनाने की बात कही। साथ ही सचिवालय और निदेशालय स्तर पर एसी और लिफ्ट के आवश्यकता-आधारित उपयोग पर बल देते हुए एयरकंडीशनर का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने के निर्देश दिए।

विदेश यात्राओं पर रोक, फ्लीट घटाने की अपील

मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से अगले छह माह तक अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने को कहा। उन्होंने यह भी अपील की कि मंत्रीगण अपनी वाहन फ्लीट में 50 प्रतिशत तक कटौती करें, ताकि शासन में मितव्ययिता का संदेश जाए।

सौर ऊर्जा, पीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा

बैठक में ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने सौर ऊर्जा के व्यापक उपयोग, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और पीएनजी कनेक्शन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कॉमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं को भी पीएनजी से जोड़ने के लिए आवश्यक नीतिगत बदलाव किए जाएं।

वोकल फॉर लोकल’ और ODOP पर फोकस

सीएम ने सामाजिक आयोजनों में सादगी अपनाने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की बात कही। उन्होंने मंत्रियों से आग्रह किया कि उपहार स्वरूप उन्हीं वस्तुओं का उपयोग करें जिनका निर्माण उत्तर प्रदेश में होता है। उन्होंने One District One Product योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण स्थानीय उत्पादों की समृद्ध श्रृंखला उपलब्ध है, जिन्हें प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

नए मंत्रियों को जिम्मेदारी का संदेश

बैठक की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने नए मंत्रियों का परिचय कराया और कहा कि जनता प्रतिदिन जनप्रतिनिधियों के कार्यों का मूल्यांकन करती है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए सभी मंत्रियों को कम समय में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। मुख्यमंत्री ने नए मंत्रियों को वरिष्ठ मंत्रियों से सीखने और समन्वय बनाकर कार्य करने की सलाह भी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!