LEADS 2025 में यूपी नंबर-1, मिला ‘एग्जेम्प्लर’ अवॉर्ड
बेहतर एक्सप्रेसवे, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और नीतिगत सुधारों के दम पर उत्तर प्रदेश ने देश में बनाया नया रिकॉर्ड
NEWS1UP
संवाददाता
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश ने लॉजिस्टिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए LEADS 2025 रैंकिंग में लैंडलॉक्ड राज्यों की श्रेणी में सर्वोच्च “एग्जेम्प्लर” पुरस्कार प्राप्त किया है। इसके साथ ही यूपी देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला लैंडलॉक्ड राज्य बन गया है।

नई दिल्ली के वाणिज्य भवन में आयोजित समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने यह सम्मान प्रदान किया। उत्तर प्रदेश की ओर से इन्वेस्ट यूपी के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शशांक चौधरी ने पुरस्कार ग्रहण किया।
वर्ष 2022 से 2024 तक लगातार “अचीवर” श्रेणी में रहने के बाद इस बार यूपी ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। माना जा रहा है कि राज्य में मजबूत एक्सप्रेसवे नेटवर्क, फ्रेट कॉरिडोर, वेयरहाउसिंग सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी ने इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभाई है।
राज्य सरकार के अनुसार, ‘उत्तर प्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स नीति 2022’ और पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के तहत किए गए सुधारों से प्रदेश का लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम तेजी से मजबूत हुआ है। इसके तहत लॉजिस्टिक्स पार्क, कोल्ड-चेन, ग्रामीण गोदाम और पीपीपी मॉडल आधारित परियोजनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।
सरकार का दावा है कि इन पहलों से परिवहन लागत घटेगी, सप्लाई चेन अधिक प्रभावी बनेगी और उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख लॉजिस्टिक्स हब के रूप में उभरेगा।
