गंगा एक्सप्रेसवे पर मुफ्त सफर खत्म, अब देना होगा टोल टैक्स

0

मेरठ से प्रयागराज तक कार से यात्रा पर 1800 रुपये खर्च, FASTag रहेगा अनिवार्य

NEWS1UP

संवाददाता

मेरठ। गंगा एक्सप्रेसवे पर अब मुफ्त यात्रा का दौर समाप्त होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े और महत्वाकांक्षी एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट्स में शामिल इस हाई-स्पीड कॉरिडोर पर जल्द टोल वसूली शुरू की जाएगी। नई टोल दरें सामने आने के बाद साफ हो गया है कि मेरठ से प्रयागराज तक का सफर अब यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डालेगा।

करीब 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश को तेज रफ्तार संपर्क देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। सरकार का दावा है कि एक्सप्रेसवे के शुरू होने से यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी और प्रदेश में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली को चार हिस्सों में बांटा गया है। इसमें मेरठ से बदायूं तक 129.7 किलोमीटर, बदायूं से हरदोई तक 151.7 किलोमीटर, हरदोई से उन्नाव तक 155.7 किलोमीटर और उन्नाव से प्रयागराज तक 156.8 किलोमीटर का सफर शामिल है।

नई दरों के मुताबिक दो और तीन पहिया वाहनों तथा ट्रैक्टर चालकों को मेरठ से प्रयागराज तक सफर के लिए कुल 905 रुपये टोल देना होगा। कार, जीप और वैन जैसे हल्के मोटर वाहनों के लिए यह शुल्क 1800 रुपये तय किया गया है। वहीं हल्के व्यावसायिक वाहनों से 2840 रुपये टोल वसूला जाएगा। बस और ट्रक चालकों को मेरठ से प्रयागराज तक यात्रा के लिए 5720 रुपये खर्च करने होंगे। मल्टी एक्सल वाहनों के लिए टोल राशि 8760 रुपये निर्धारित की गई है, जबकि सात से अधिक एक्सल वाले भारी वाहनों को सबसे ज्यादा 11,275 रुपये टोल देना पड़ेगा।

टोल वसूली पूरी तरह FASTag प्रणाली के माध्यम से की जाएगी। बिना FASTag वाले वाहनों या ब्लैकलिस्टेड FASTag पाए जाने पर दोगुना शुल्क वसूले जाने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पेट्रोलिंग वाहन, एम्बुलेंस सेवा और आपातकालीन सहायता तंत्र को भी सक्रिय किया गया है।

गंगा एक्सप्रेसवे के संचालन से मेरठ से प्रयागराज तक की यात्रा पहले की तुलना में काफी कम समय में पूरी हो सकेगी। एक्सप्रेसवे पर पेट्रोल पंप, फूड प्लाजा, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन और चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को आधुनिक और सुरक्षित सफर का अनुभव मिलेगा।

प्रदेश सरकार का मानना है कि गंगा एक्सप्रेसवे आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की आर्थिक, औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!