आग से सबक, सुरक्षा की मिसाल: ऑफिसर सिटी-2 के G टॉवर ने पेश किया नया मॉडल
फायर सेफ्टी को लेकर निवासियों की अनोखी पहल
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर सिटी-2 के G टॉवर के निवासियों ने सामूहिक जागरूकता और जिम्मेदारी का ऐसा उदाहरण पेश किया है, जिसकी चर्चा अब आसपास की सोसायटियों में भी हो रही है। लगातार बढ़ रही आगजनी की घटनाओं और हाईराइज इमारतों में फायर सेफ्टी को लेकर उठ रहे सवालों के बीच G टॉवर के रेजिडेंट्स ने मिलकर ड्राइव-वे और स्टिल्ट एरिया को पूरी तरह खाली कराने का निर्णय लिया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में अग्निशमन वाहन बिना किसी रुकावट के सीधे टॉवर तक पहुंच सके।
ड्राइव-वे से हटाईं गाड़ियां, लगाए गमले

फायर सेफ्टी नियमों के अनुसार हाईराइज सोसायटियों में ड्राइव-वे और स्टिल्ट एरिया को अवरोधमुक्त रखना अनिवार्य माना जाता है, लेकिन अधिकांश सोसायटियों में यही स्थान अस्थायी पार्किंग में बदल जाते हैं। ऐसे में G टॉवर के निवासियों ने केवल चर्चा तक सीमित रहने के बजाय खुद पहल करते हुए अपनी कारें और दोपहिया वाहन वहां से हटा दिए। खाली हुए स्थान पर निवासियों ने आपसी सहयोग से गमले लगाकर उसे व्यवस्थित और सुरक्षित स्वरूप दे दिया।
निवासियों का कहना है कि यह केवल सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि सुरक्षा और सामुदायिक जिम्मेदारी का संदेश है। उनका मानना है कि यदि किसी भी समय आग जैसी आपदा आती है, तो फायर ब्रिगेड की हर सेकंड की देरी भारी पड़ सकती है। इसी सोच के साथ यह पहल शुरू की गई।
2025 की आगजनी की घटना से लिया सबक

इस फैसले के पीछे एक दर्दनाक अनुभव भी जुड़ा हुआ है। निवासियों ने बताया कि 1 जनवरी 2025 को सोसाइटी के एक फ्लैट में आग लग गई थी। उस समय ड्राइव-वे पर अव्यवस्थित तरीके से खड़ी गाड़ियों के कारण अग्निशमन वाहन समय पर टॉवर तक नहीं पहुंच पाया था। उस घटना ने पूरे टॉवर को झकझोर दिया और तभी से लोग फायर सेफ्टी को लेकर गंभीर हो गए थे।
अब दूसरे टॉवरों में भी लागू होगी व्यवस्था
G टॉवर की यह पहल अब पूरी सोसाइटी के लिए प्रेरणा बनती दिखाई दे रही है। निवासियों के अनुसार जल्द ही अन्य टॉवरों में भी इसी प्रकार की पार्किंग व्यवस्था लागू करने की तैयारी की जा रही है, ताकि पूरी सोसाइटी को एक सुरक्षित और आपदा-प्रबंधन के लिहाज से सक्षम परिसर बनाया जा सके।
इस मुहिम को सफल बनाने में G टॉवर निवासी सुशील कुमार त्यागी, विवेक मुद्गल, अभिषेक त्यागी, कार्तिक शर्मा, मोहित त्यागी, सुनील रोर और राजकुमार त्यागी की अहम भूमिका रही।
