यूपी में ‘हीट इमरजेंसी’ जैसे हालात ! 48 डिग्री पर पहुंचा बांदा, योगी ने अफसरों को किया अलर्ट मोड पर
अस्पतालों, बिजली और पानी व्यवस्था पर खुद रखेंगे वरिष्ठ अधिकारी नजर, अगले 7 दिन लू का रेड अलर्ट
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और जानलेवा लू की चपेट में है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि बांदा ने पूरे देश में सबसे अधिक 48 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज कर नया रिकॉर्ड बना दिया। मौसम विभाग ने इसे सामान्य से करीब 4.5 डिग्री अधिक बताया है। बढ़ते खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासनिक मशीनरी को हाई अलर्ट पर रहने के सख्त निर्देश दिए हैं।
कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहें। सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अस्पतालों में हीट स्ट्रोक मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त बेड, दवाइयां, ORS और मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा पेयजल संकट और बिजली कटौती को लेकर भी सरकार बेहद गंभीर नजर आ रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को सीधे निगरानी करने का आदेश दिया गया है ताकि गर्मी के बीच आम जनता को किसी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।
बच्चों और बुजुर्गों का रखें खास ध्यान
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा खतरे में हैं, इसलिए उनका विशेष ध्यान रखा जाए। सूती और ढीले कपड़े पहनने, ज्यादा पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।
सीएम योगी ने आग लगने की घटनाओं को लेकर भी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि तेज गर्मी में छोटी लापरवाही भी बड़े हादसे में बदल सकती है।
मजदूरों और श्रमिकों पर विशेष फोकस
सरकार ने निर्माण कार्यों और खुले में काम करने वाले श्रमिकों को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि मजदूरों को निर्जलीकरण, थकावट और लू से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं। कार्यस्थलों पर पानी, छांव और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था अनिवार्य करने पर जोर दिया गया है।
यूपी के कई शहर ‘तंदूर’ बने
प्रदेश के कई शहरों में बुधवार को तापमान खतरनाक स्तर पर पहुंच गया:
बांदा – 48°C
प्रयागराज – 46.4°C
हमीरपुर – 46.2°C
झांसी – 45.9°C
आगरा – 45.3°C
उरई – 45.2°C
कानपुर – 44.6°C
मेरठ – 44°C
इसके अलावा वाराणसी, अलीगढ़, सुल्तानपुर और हरदोई में भी तापमान 43 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।
अगले 7 दिन बेहद भारी !
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 से 26 मई तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 से 23 मई तक भीषण लू चल सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तापमान में जल्द राहत नहीं मिली तो हीट स्ट्रोक और आगजनी की घटनाएं तेजी से बढ़ सकती हैं।
