जयपुरिया सनराइज ग्रीन टाउनशिप में रातभर बिजली संकट, जनरेटर पर भी बढ़ा लोड

0

बेसमेंट पैनल ओवरहीट होने से प्रभावित हुई सप्लाई, निवासियों ने जताई नाराजगी

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। जयपुरिया सनराइज ग्रीन टाउनशिप में गुरुवार रात करीब 10 बजे बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद शुक्रवार सुबह तक हजारों निवासी परेशान रहे। एनएच-24 स्थित इस टाउनशिप की दिव्यांश ऑनिक्स, रुचिरा सफायर, गोल्डन गेट, एरोकॉन रेनबो और अमात्रा सोसाइटी में लंबे समय तक बिजली न रहने से लोगों को गर्मी और अन्य आवश्यक सेवाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रुचिरा सफायर में कुछ समय के लिए लिफ्ट संचालन भी प्रभावित रहा, जिससे ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले निवासियों को परेशानी हुई। बुजुर्गों और बीमार लोगों को भी बिजली न होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

रुचिरा सफायर सोसायटी में विरोध जताते निवासी

निवासियों के अनुसार सोसाइटी प्रबंधन द्वारा लगातार डीजल जनरेटर (डीजी) के माध्यम से बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अत्यधिक लोड के चलते बैकअप व्यवस्था भी पूरी तरह सामान्य सप्लाई नहीं दे पा रही। इसी कारण अलग-अलग टावरों में बिजली आपूर्ति बाधित होती रही।

रुचिरा सफायर में निवासियों का कहना है कि रात करीब 12 बजे मेंटिनेंस कर्मचारियों ने निवासियों को जानकारी दी कि बेसमेंट में लगे इलेक्ट्रिकल पैनल के ओवरहीट होने के कारण एहतियातन सप्लाई बंद करनी पड़ी। इसके बाद कुछ निवासी बेसमेंट में एकत्र हुए और उन्होंने प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई।

निवासियों का कहना है कि उन्होंने पहले भी बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की जानकारी प्रबंधन को दी थी और स्थायी समाधान की मांग की थी। वहीं, प्रबंधन की ओर से तकनीकी टीम द्वारा लगातार फॉल्ट ठीक करने और सप्लाई सामान्य करने के प्रयास किए जाने की बात कही जा रही है।

सोसायटी परिसर में मौके पर पंहुची पुलिस

स्थिति को देखते हुए रात में पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद कुछ निवासियों ने सामूहिक रूप से वेव सिटी थाना में शिकायत पत्र देकर मामले में आवश्यक कार्रवाई और स्थायी समाधान की मांग की।

शुक्रवार सुबह भी निवासी सोसाइटी परिसर में एकत्र होकर जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था पूरी तरह बहाल करने की मांग करते रहे। लोगों ने प्रशासन और प्रबंधन से भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए बिजली व्यवस्था और बैकअप सिस्टम को मजबूत करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!