गुलमोहर एन्क्लेव में नगर निगम की छापेमारी, प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद
शिकायत और आरडब्ल्यूए की चेतावनी के बाद हुई कार्रवाई, दुकानदार पर लगा जुर्माना
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी में शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने छापेमारी कर प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद की। कार्रवाई के दौरान सोसाइटी में सब्जी की दुकान संचालित कर रहे राजू शाह द्वारा प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग किया जाना पाया गया, जिसके बाद नगर निगम ने उनका एक हजार रुपये का चालान काट दिया।

बताया गया है कि सोसाइटी निवासी गौरव बंसल ने नगर निगम की 311 एप्लीकेशन और संभव जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि सोसाइटी में प्रतिबंधित पॉलिथीन की सप्लाई और उपयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। शिकायत के बाद नगर निगम ने जांच कर यह कार्रवाई की।
गौरतलब है कि नगर निगम की कार्रवाई से पहले 27 मई को गुलमोहर एन्क्लेव आरडब्ल्यूए ने भी सोसाइटी के दुकानदारों को नोटिस जारी कर प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद कुछ दुकानदार नियमों की अनदेखी करते पाए गए।
गौरव बंसल ने नगर निगम की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि पॉलिथीन पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियानों के बावजूद कुछ लोग नियमों का उल्लंघन कर पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं, ऐसे में इस तरह की कार्रवाई आवश्यक है।
