डीएम ने दिया बड़ा संदेश: ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाई

0

पेड़ लगाना ही नहीं, उनकी देखभाल भी हमारी जिम्मेदारी: रविंद्र कुमार मांदड़ 

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को एमएमएच गर्ल्स कॉलेज परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर उपस्थित लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत लगाए पेड़ को पानी देते डीएम मांदड़

डीएम ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जोड़ते हुए जनभागीदारी पर विशेष बल दिया।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत लगाए पेड़ को पानी देते सीडीओ कुमार सौरभ

कार्यक्रम में अपर मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान पर्यावरण जागरूकता, स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य के निर्माण तथा सोशल मीडिया के सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने की पहल रही। अधिकारियों और शिक्षाविदों ने टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित करने तथा उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने लाने पर विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए हरित और स्वच्छ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का वचन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!