दीपांशु पर जानलेवा हमला बना चर्चा का केंद्र, गिरफ्तारी न होने पर लोगों में रोष

0

दो ऑपरेशन के बाद भी युवक की हालत नाजुक, सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

NEWS1UP

अपराध डेस्क

हापुड़। सिम्भावली थाना क्षेत्र में युवक दीपांशु शर्मा पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे इलाके का माहौल गर्मा दिया है। गंभीर रूप से घायल दीपांशु मेरठ के अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है, जबकि घटना के दो दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

Ai image

जानकारी के अनुसार 5 जून की रात दीपांशु शर्मा बाजार से अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके चेहरे और सीने पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले के बाद आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल दीपांशु को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने उसकी जान बचाने के लिए दो बड़े ऑपरेशन किए हैं, लेकिन उसकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में अरमान, फैजान समेत सात लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।

घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कई लोग इस मामले को हाल के चर्चित सूर्या हत्याकांड से जोड़कर देख रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

सिम्भावली थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!