गाजियाबाद में नवविवाहिता का शव सीढ़ियों की रेलिंग से लटका मिला, परिजनों ने लगाए दहेज हत्या के आरोप
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। शादी के महज छह माह बाद महिला का शव ससुराल के मकान में जीने (सीढ़ियों) की रेलिंग से लटका हुआ मिला। मृतका के परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज के लिए की गई हत्या बताते हुए पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार बुलंदशहर निवासी नीतू की शादी 10 दिसंबर 2025 को नंदग्राम क्षेत्र के अंतर्गत रामनगर निवासी सुमित कुमार के साथ हुई थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर नीतू को लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि शादी में अपनी सामर्थ्य से बढ़कर दान-दहेज और घरेलू सामान दिया गया था, इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें समाप्त नहीं हुईं।

मृतका के भाई मोनू कुमार ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष द्वारा उनकी बहन पर लगातार बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की चेन लाने का दबाव बनाया जा रहा था। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की इसी मांग ने उनकी बहन की जान ले ली।
परिजनों के मुताबिक नीतू का शव घर के भीतर सीढ़ियों की रेलिंग से लटका मिला। उनका आरोप है कि पहले उसकी हत्या की गई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। परिवार का यह भी कहना है कि घटना की सूचना उन्हें तत्काल नहीं दी गई और बेटी की मौत की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से मिली।
घटना के बाद परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतका के भाई मोनू कुमार ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि मामले की गहन पड़ताल कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल दहेज उत्पीड़न और संदिग्ध मौत के आरोपों के बीच यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
