हापुड़ में भारतीय किसान यूनियन मंच की किसान पंचायत, संगठन का विस्तार

0

किसान पंचायत में ऋण माफी, फसलों के उचित मूल्य, बिजली संकट और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा, संगठन विस्तार के तहत कई नई नियुक्तियां

NEWS1UP

संवाददाता

हापुड़। भारतीय किसान यूनियन मंच द्वारा ग्राम मतनावली, जनपद हापुड़ में किसान पंचायत एवं संगठन विस्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के प्रदेश अध्यक्ष (अल्पसंख्यक) समीर प्रधान निधावली ने किया।

पंचायत के दौरान संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। अंकुर राणा को जिला महासचिव, रामअवतार राणा को जिला सचिव एवं प्रवक्ता, भारत शर्मा को धौलाना ब्लॉक अध्यक्ष तथा आशिफ को जिला सचिव नियुक्त किया गया।

बैठक में किसानों और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं के सामने शिक्षा और रोजगार का गंभीर संकट है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

संगठन मंत्री डॉ. यामीन ने किसानों के ऋण माफी की मांग उठाते हुए कहा कि सिंचाई के लिए समय पर बिजली आपूर्ति न होने से फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। वहीं युवा प्रदेश अध्यक्ष सागर नंबरदार ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्हें सामाजिक कार्यों और किसान हितों की लड़ाई से जुड़ने का आह्वान किया।

प्रदेश उपाध्यक्ष विशाल ठाकुर ने कहा कि युवा समाज की रीढ़ हैं और सरकार को शिक्षा, रोजगार तथा स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

कार्यक्रम में अख्तर अली, हिमांशु राणा, उम्मैद अब्बासी, रोहित यादव, जाहिद अली, अजब सिंह राणा, सत्येन्द्र राणा, गौरव राणा, धर्मेंद्र राणा, गिरिराज राणा, मुन्नी राणा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!