यूपीडा का प्रभार मुख्यमंत्री के अधीन, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी से विभाग वापस
NEWS1UP
संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) का प्रभार कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ से वापस ले लिया है। राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार यूपीडा से संबंधित समस्त कार्य अब अवस्थापना विभाग के माध्यम से संचालित किए जाएंगे, जिसका प्रभार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास है।
अब तक नंद गोपाल गुप्ता नंदी के पास औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, प्रवासी भारतीय (एनआरआई) तथा यूपीडा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी थी। नवीन व्यवस्था के तहत यूपीडा को उनके कार्यक्षेत्र से पृथक कर दिया गया है। इसके बाद उनके पास औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन एवं प्रवासी भारतीय विभागों का दायित्व बना रहेगा।
यूपीडा प्रदेश की प्रमुख आधारभूत संरचना परियोजनाओं, विशेष रूप से एक्सप्रेसवे निर्माण एवं संचालन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्राधिकरण है। ऐसे में इसका प्रत्यक्ष रूप से मुख्यमंत्री के अधीन आना प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उधर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंत्री नंदी से यूपीडा विभाग लिए जाने पर तंज कसते हुए एक्स पर पोस्ट किया कि जब भ्रष्टाचार और आपसी लेनदेन पूरा हो गया तो उन्हें हटा दिया गया। अखिलेश ने आगे लिखा कि अभी हाफ हुए हैं, विधानसभा टिकट नहीं मिला तो साफ़ हो जाएँगे। अखिलेश यहीं नहीं रुके और उन्होंने आगे लिखा कि जब सारे ‘घटिया एक्सप्रवे’ बन गए और भ्रष्टाचार का आपसी लेनदेन का टारगेट पूरा हो गया तो क्या हटाया ?
