गुलमोहर एनक्लेव में चौथी मंजिल की बालकनी से गिरा प्लास्टर, टला बड़ा हादसा
भारी मेंटेनेंस शुल्क के बावजूद भवन सुरक्षा पर सवाल, स्ट्रक्चरल ऑडिट की मांग तेज
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। ग्रेटर नोएडा की अम्बर अरिहंत सोसायटी में हाल ही में बालकनी से प्लास्टर गिरने से 46 वर्षीय विकास चावला की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा है कि गाजियाबाद के राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी में इसी तरह का एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शुक्रवार सुबह सोसायटी के एम-2 टावर स्थित के चौथे फ्लोर की बालकनी का प्लास्टर भरभराकर टूटकर नीचे ग्राउंड फ्लोर की बालकनी में जा गिरा। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था।

फ्लैट संख्या 302 की निवासी इंदु उपाध्याय ने बताया कि वह काफी समय से बालकनी से प्लास्टर झड़ने की शिकायत संबंधित फ्लैट मालिक, आरडब्ल्यूए और सोसायटी प्रबंधन को करती रही हैं। व्हाट्सएप पर तस्वीरें भेजकर भी खतरे से अवगत कराया गया, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद उन्होंने मामले की शिकायत जिलाधिकारी, मंडलायुक्त, जीडीए, मुख्यमंत्री कार्यालय और प्रधानमंत्री कार्यालय तक ले जाने की बात कही है।
गुलमोहर एनक्लेव के पूर्व महासचिव आर.के. गर्ग ने कहा कि निवासी हर महीने भारी-भरकम मेंटेनेंस शुल्क का भुगतान करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा,
“आज प्लास्टर बालकनी में गिरा है, कल किसी व्यक्ति के ऊपर भी गिर सकता है।”
उन्होंने पूरे सोसायटी परिसर का स्वतंत्र स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट कराने और जर्जर हिस्सों की तत्काल मरम्मत की मांग की है।
