जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को मिली रफ्तार: सीएम योगी ने 45 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ/नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित होने वाली 45 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही नोएडा के नए बस डिपो का भी उद्घाटन किया गया। यह पहल आगामी जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

15 जून से सड़कों पर उतरेंगी ई-बसें
मुख्यमंत्री ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों का संचालन 15 जून से शुरू होगा। फिलहाल 100 इलेक्ट्रिक बसें, जिनमें 10 डबल-डेकर बसें भी शामिल हैं, नोएडा सेक्टर-90 बस डिपो से संचालित किए जाने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर उड़ानों की संख्या बढ़ने के साथ ही ई-बसों की संख्या बढ़ाकर 500 तक करने का लक्ष्य रखा गया है।
यूपी बनेगा ई-बस निर्माण का बड़ा केंद्र
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ही इलेक्ट्रिक बसों के निर्माण के लिए टाटा मोटर्स और अशोक लीलैंड के दो बड़े विनिर्माण संयंत्र स्थापित किए गए हैं। वहीं यमुना प्राधिकरण द्वारा तीन हाइड्रोजन बसें भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे हरित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

नए उत्तर प्रदेश का दिख रहा परिवर्तन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में टूटी सड़कें, बिजली संकट और अराजकता का माहौल था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। गौतमबुद्ध नगर को प्रदेश के विकास इंजन के रूप में विकसित किया जा रहा है।
प्रदेश में तेजी से बढ़ा एयर कनेक्टिविटी नेटवर्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश का ऐसा राज्य बन रहा है जहां कई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे संचालित हो रहे हैं। अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी, कुशीनगर और जेवर जैसे एयरपोर्ट प्रदेश की नई पहचान बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन को नई ऊंचाई देगा।
