शिप्रा कृष्णा विस्टा में निर्वाचन अधिकारी ने RWA पदाधिकारियों पर लगाया चुनाव टालने का आरोप
एसडीएम और डिप्टी रजिस्ट्रार के आदेशों के बावजूद चुनावी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। इंदिरापुरम स्थित शिप्रा कृष्णा विस्टा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) में लंबे समय से लंबित चुनावों को लेकर चल रहा विवाद अब एक नए और गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। प्रशासन द्वारा नियुक्त चुनाव अधिकारी प्रशांत कुमार सिंह (जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी) ने डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसायटीज एवं चिट्स को भेजे पत्र में बोर्ड पदाधिकारियों पर चुनाव प्रक्रिया में सहयोग न करने का आरोप लगाया है।
चुनाव अधिकारी द्वारा सोमवार को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि चुनाव संपन्न कराने के लिए आवश्यक अभिलेख बार-बार मांगे जाने के बावजूद उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जिसके कारण चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।

सदस्य सूची और बायलॉज तक नहीं दिए गए
ताजा पत्र के अनुसार, चुनाव अधिकारी ने 27 मई, 5 जून और 10 जून 2026 को लगातार पत्र जारी कर सोसायटी के वर्तमान अध्यक्ष एवं सचिव से पंजीकृत बायलॉज की सत्यापित प्रतियां, वैध सदस्यों की सूची तथा अन्य आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने को कहा था।
लेकिन कई बार स्मरण कराने के बावजूद आज तक कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया। चुनाव अधिकारी ने इसे चुनाव प्रक्रिया में गंभीर बाधा बताते हुए डिप्टी रजिस्ट्रार से आवश्यक हस्तक्षेप की मांग की है।
चुनाव कराने के आदेश पहले ही जारी हो चुके हैं
उल्लेखनीय है कि शिप्रा कृष्णा विस्टा में नई कार्यकारिणी के चुनाव कराने के निर्देश पहले ही एसडीएम और डिप्टी रजिस्ट्रार स्तर से जारी किए जा चुके हैं। सोसायटी रजिस्ट्रेशन एक्ट 1860 की धारा 25(2) के तहत चुनाव कराने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी और प्रशासन ने इसके लिए स्वतंत्र चुनाव अधिकारी भी नियुक्त कर दिया था।
इसके बावजूद चुनावी प्रक्रिया लगातार आगे नहीं बढ़ पा रही है, जिससे निवासियों के बीच असंतोष बढ़ता जा रहा है।
चुनाव टालने के आरोप पहले भी लगते रहे हैं
सोसायटी में यह पहला अवसर नहीं है जब RWA पदाधिकारियों पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लगे हों। निवासियों का एक वर्ग लंबे समय से आरोप लगाता रहा है कि मौजूदा पदाधिकारी किसी न किसी बहाने चुनाव टालने का प्रयास कर रहे हैं।
ताजा पत्र में चुनाव अधिकारी द्वारा आवश्यक अभिलेख न मिलने की बात दर्ज किए जाने के बाद इन आरोपों को और बल मिला है।
पत्र में झलकी चुनाव अधिकारी की चिंता
डिप्टी रजिस्ट्रार को भेजे गए पत्र में चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि आवश्यक अभिलेख उपलब्ध न होने से चुनावी प्रक्रिया प्रारंभ नहीं हो पा रही है और अनावश्यक विलंब उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने यह भी संकेत दिया है कि वर्तमान आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है।
प्रशासनिक हलकों में इस पत्र को महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि ऐसा कम ही हुआ है जब नियुक्त चुनाव अधिकारी ने आधिकारिक रूप से चुनाव प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को रिकॉर्ड पर रखा है।
