रिवर हाइट्स में एओए चुनाव कल, 1100 मतदाता चुनेंगे नया नेतृत्व
विकास संकल्प टीम और सुबोध कुमार पैनल के बीच रोचक मुकाबले के आसार
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की बहुचर्चित आवासीय सोसाइटी रिवर हाइट्स में नई अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) के गठन के लिए कल यानी रविवार को मतदान होगा। लंबे समय से प्रतीक्षित इस चुनाव को लेकर सोसाइटी में उत्साह का माहौल है। करीब 1100 निवासी अपने मताधिकार का प्रयोग कर नए नेतृत्व का चयन करेंगे।
जानकारी के मुताबिक चुनाव मैदान में विकास संकल्प टीम और सुबोध कुमार पैनल आमने-सामने हैं। दस सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए अजय मोहन, कामनी शर्मा, संदीप गुप्ता, आलोक शर्मा, मोनिका गोयल, सरिता, अनिल कुमार मित्तल, नंदकिशोर शर्मा, शशि देव द्विवेदी, अनुज कुमार, निशिकांत पाराशर, शिवम चौहान, अरुण कुमार पांडे, परीक्षित बहल, सुबोध कुमार, अशोक कुमार शर्मा, रजनीश, सुशील कुमार सिंह, भास्कर मुंधड़ा, रितेश कुमार अग्रवाल, विजय प्रकाश श्रीवास्तव, गौरव वर्मानी, रितु चौधरी और विपुल सिंघल सहित कुल 24 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
उल्लेखनीय है कि पहले मतदान 14 जून को प्रस्तावित था और इसकी तैयारियां भी पूरी कर ली गई थीं, लेकिन बाद में कार्यक्रम में परिवर्तन करते हुए मतदान की नई तिथि 21 जून निर्धारित की गई। नामित चुनाव अधिकारी ऋचा चौधरी ने बताया कि चुनाव संबंधी सभी आवश्यक दस्तावेज प्राप्त हो चुके हैं और मॉडल बायलॉज के प्रावधानों के अनुरूप निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद देर शाम तक मतगणना पूरी कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव को लेकर सोसाइटी में विशेष उत्सुकता बनी हुई है और विकास संकल्प टीम तथा सुबोध कुमार पैनल के बीच कड़े मुकाबले की संभावना जताई जा रही है।
