राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण: चंपत राय के इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि

0

11 जुलाई की बैठक पर टिकी देश की नजर

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले ने बड़ा मोड़ ले लिया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविन्ददेव गिरि ने पत्र जारी कर बताया कि चंपत राय के साथ-साथ ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा का भी त्यागपत्र प्राप्त हो गया है। दोनों इस्तीफों पर ट्रस्ट की आगामी बैठक में विचार किया जाएगा।

ट्रस्ट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हाल के दिनों में सामने आई घटनाओं से सभी सदस्य स्तब्ध, आहत और अत्यंत दुखी हैं। ट्रस्ट ने भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं न्यायपूर्ण जांच कराई जाएगी तथा देशभर के रामभक्तों को हर स्तर पर पारदर्शिता का विश्वास दिलाया जाएगा।

दान में मिली चांदी और आभूषण सुरक्षित: ट्रस्ट

ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि जिन श्रद्धालुओं ने चांदी की ईंटें, आभूषण एवं अन्य मूल्यवान वस्तुएं भगवान श्रीराम की सेवा के लिए व्यक्तिगत रूप से सौंपी हैं, वे सभी वस्तुएं सुरक्षित हैं और उनका पूरा हिसाब उपलब्ध है।

SIT की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर दर्ज हुई FIR

ट्रस्ट के अनुसार, मंदिर के दानपात्रों से प्राप्त राशि से जुड़े मामले में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और वैधानिक कार्रवाई जारी है। ट्रस्ट ने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

11 जुलाई की बैठक होगी निर्णायक

राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य एवं उडुपी पीठाधीश्वर विश्वतीर्थ प्रपन्नाचार्य जी महाराज ने बताया कि ट्रस्ट की नियमित त्रैमासिक बैठक 11 जुलाई को होगी। इसी बैठक में दोनों इस्तीफों पर निर्णय लिया जाएगा, जांच की समीक्षा होगी तथा आवश्यकता पड़ने पर नए महासचिव और नए ट्रस्टी की नियुक्ति भी की जा सकती है। इसके साथ ही मंदिर परिसर के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति पर भी निर्णय संभव है।

ट्रस्ट की अपील

ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक अथवा अपुष्ट अफवाह पर विश्वास न करें। साथ ही कहा गया है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सनातन धर्म को बदनाम करने के प्रयास सफल नहीं होने दिए जाएंगे और सत्य सामने लाकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!