अजनारा इंटीग्रिटी सोसायटी में सनसनी, 9वीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत!
रातभर चलता रहा जश्न, सुबह सोसायटी परिसर में मिला शव
पार्टी में मौजूद लोगों से पूछताछ तेज
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा इंटीग्रिटी सोसायटी में शनिवार देर रात हुई एक रहस्यमयी घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। रिश्तेदार के फ्लैट में पार्टी में शामिल होने आया 28 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में नौवीं मंजिल से नीचे गिर गया। हैरत की बात यह रही कि पूरी रात किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी। रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सोसायटी परिसर में शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी गई।
रिश्तेदार के फ्लैट में चल रही थी पार्टी
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक विक्टर उर्फ मिक्की (28) शनिवार रात अपने रिश्तेदार के एफ-911 फ्लैट में आयोजित पार्टी में शामिल था। फ्लैट में चार से पांच अन्य लोग भी मौजूद थे। देर रात किसी समय वह नौवीं मंजिल से नीचे गिर गया, लेकिन घटना कब और कैसे हुई, इसका स्पष्ट जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है।
सुबह शव मिलने से मचा हड़कंप
अजनारा इंटीग्रिटी एओए अध्यक्ष नीरज त्यागी ने बताया कि रविवार सुबह सोसायटी के सुरक्षा गार्ड ने उन्हें सूचना दी कि एफ टॉवर के नीचे एक व्यक्ति गिरा हुआ पड़ा है। सूचना मिलते ही उन्होंने बिना समय गंवाए पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद मोरटा चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। युवक की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी शिनाख्त की गई और परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
फ्लैट की फोरेंसिक जांच, हर एंगल से पड़ताल
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने संबंधित फ्लैट का बारीकी से निरीक्षण किया और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने पार्टी में मौजूद सभी लोगों से अलग-अलग पूछताछ की है। मोबाइल कॉल डिटेल, घटनास्थल की परिस्थितियों और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सके।
दुर्घटना, आत्महत्या या कुछ और ?
प्रारंभिक जांच में युवक के नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
