दर्दनाक हादसा: 12वीं मंजिल से गिरकर 12 वर्षीय बच्चे की मौत
Ai image
गुरुग्राम की हाईराइज सोसायटी में दर्दनाक हादसा
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गुरुग्राम। गुरुग्राम की अनमोल सोसायटी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिसर को गहरे सदमे में डाल दिया। 12 वर्षीय राहुल शर्मा की 12वीं मंजिल स्थित फ्लैट की बालकनी से गिरने के कारण मौत हो गई। बताया जा रहा है कि राहुल अपने फ्लैट की बालकनी में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया।
पड़ोसियों ने दी परिवार को सूचना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी। नीचे गिरने के बाद पड़ोसियों ने तत्काल राहुल के परिजनों को सूचना दी। परिवार और रिश्तेदार तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बच्चे को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्चे का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं थी।
इस दर्दनाक घटना के बाद अनमोल सोसायटी में शोक का माहौल है। एक मासूम की असमय मौत से निवासी स्तब्ध हैं। हादसे ने एक बार फिर हाईराइज इमारतों में बच्चों की सुरक्षा, बालकनी सुरक्षा मानकों और अभिभावकों की सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
