[t4b-ticker]

मौसम का अलर्ट बेअसर, तिरंगे के रंग में रंगीं गाजियाबाद की सोसायटियाँ

0
SV

 हाईराइज सोसायटियों में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जबरदस्त जश्न

कहीं तिरंगे की रोशनी तो कहीं हर फ्लैट तक पहुंचा राष्ट्रध्वज

 

 

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। आसमान में मौसम का मिजाज बदलने की चेतावनी है, लेकिन गाजियाबाद की हाईराइज सोसायटियों में देशभक्ति का रंग और गहरा हो गया है। 80वें स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले शुक्रवार शाम से ही राजनगर एक्सटेंशन समेत शहर की कई सोसायटियां तिरंगे के रंग में रंगती नजर आईं।

कहीं मुख्य द्वार तिरंगे की रोशनी से जगमगा रहा है, तो कहीं सेंट्रल पार्क में डिजिटल बैकड्रॉप के जरिए आजादी के जश्न की तस्वीर तैयार की जा रही है। पेड़-पौधों से लेकर बिजली के पोल तक तिरंगे की रोशनी से सजे हैं।

सेवी विला डे में तिरंगे की रोशनी

राजनगर एक्सटेंशन की सेवी विला डे सोसायटी में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां खास आकर्षण बनी हुई हैं। सोसायटी के मुख्य द्वार को तिरंगे से सजाया गया है। पूरे परिसर में पेड़-पौधों और बिजली के पोलों पर तिरंगे रंग की लाइटें लगाई गई हैं। वहीं सेंट्रल पार्क में विशेष डिजिटल तिरंगा बैकड्रॉप तैयार किया जा रहा है।

सोसायटी के एओए अध्यक्ष विकास सिंह कहते हैं कि-

विकास सिंह, एओए अध्यक्ष, सेवी विला डे

15 अगस्त सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि हर भारतीय के लिए गर्व और भावनाओं से जुड़ा दिन है। 80वीं वर्षगांठ पर सोसायटी के निवासी वीर शहीदों को विशेष अंदाज में नमन करेंगे।

विकास सिंह के मुताबिक इस बार जश्न और भी खास है, क्योंकि तीज पर्व भी इसी दिन है। यानी सुबह से शाम तक परिसर में देशभक्ति के साथ भारतीय संस्कृति के रंग भी नजर आएंगे।

मौसम बिगड़ने की आशंका पर उनका जवाब साफ है, मौसम अपना मिजाज बदल सकता है, देशभक्ति का नहीं।

ब्रेव हार्ट्स में हर फ्लैट तक तिरंगा

ब्रेव हार्ट्स सोसायटी में भी स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। यहां सेंटर पार्क को तिरंगे के तीन रंगों से सजाया जा रहा है।

एओए अध्यक्ष लविश त्यागी बताते हैं कि-

लविश त्यागी, एओए अध्यक्ष, ब्रेव हार्ट्स

कोशिश है कि सोसायटी का हर कोना देशभक्ति और एकता की भावना से सराबोर दिखाई दे।लेकिन इस सोसायटी की तैयारी की सबसे खास बात है, हर फ्लैट तक तिरंगा पहुंचाया गया है।

निवासियों से अपील की गई है कि वे स्वतंत्रता दिवस समारोह में हाथ में तिरंगा लेकर शामिल हों। यानी इस बार जश्न सिर्फ मंच तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हर घर और हर परिवार इसका हिस्सा बनेगा।

मौसम की चेतावनी के बीच देशभक्ति का उत्सव

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की मौसम संबंधी चेतावनी के बावजूद सोसायटियों में तैयारियां थमती नजर नहीं आ रही हैं। तिरंगे की रोशनी, देशभक्ति के गीत और स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की तैयारियां बता रही हैं कि गाजियाबाद में आजादी का जश्न पूरे जोश के साथ मनाने की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!