नेपाल में तबाही के बाद यूपी में अलर्ट, सीएम योगी ने महाराजगंज-कुशीनगर को दिए सतर्कता के निर्देश
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ से मची तबाही के बाद उत्तर प्रदेश में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। नेपाल में अचानक आई बाढ़ में अब तक 55 लोगों की मौत और 300 से अधिक लोगों के लापता होने की खबर है। हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल से सटे महाराजगंज और कुशीनगर जिलों के प्रशासन को सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

नदियों के जलस्तर पर कड़ी नजर
नेपाल में बाढ़ के असर से गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका है। मुख्यमंत्री ने दोनों जिलों के अधिकारियों को नदी के जलस्तर और संभावित परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा है।
राहत-बचाव के बीच यूपी में बढ़ी निगरानी
नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। राहत और बचाव अभियान जारी है। पड़ोसी देश में बने इस गंभीर हालात को देखते हुए यूपी प्रशासन को सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नदियों का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में हुई जनहानि पर चिंता जताते हुए भगवान पशुपतिनाथ से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना की है।
