गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार धमाका! डिलीवरी बॉय समेत दो घायल, कथित संगठन ने ली जिम्मेदारी!
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में रात करीब 10 बजे हुए जोरदार धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना भीषण था कि चौकी की खिड़कियां और एसी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में खाना डिलीवरी करने वाला 20 वर्षीय विशाल और एक सब इंस्पेक्टर घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजकरण नय्यर और एसीपी सूर्यबली मौर्य मौके पर पहुंचे। गाजियाबाद फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस की टीमें धमाके के कारणों और परिस्थितियों की पड़ताल में जुटी हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ी मामले की गंभीरता
इस बीच, धमाके को लेकर सोशल मीडिया पर ‘तहरीक-ए-मुजाहिदीन-ए-हिन्दुस्तान‘ नामक कथित संगठन की एक पोस्ट सामने आई है। पोस्ट में संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में पुलिस को निशाना बनाने और कथित तौर पर ‘भगवा हुकूमत’ के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही गई है।
हालांकि, सोशल मीडिया पर सामने आए इस दावे और संगठन की वास्तविकता की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से भी इस दावे को लेकर कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

जांच एजेंसियां जुटीं, धमाके की वजह अब भी रहस्य
घायल विशाल गाजियाबाद के अर्थला का निवासी है और फूड डिलीवरी का काम करता है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमाका किस वस्तु या परिस्थिति के कारण हुआ। फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जांच के बाद ही वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
धमाके के बाद पुलिस चौकी को निशाना बनाए जाने के सोशल मीडिया दावे ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है। अब जांच एजेंसियों के सामने धमाके की वास्तविक वजह के साथ-साथ इस कथित जिम्मेदारी वाले दावे की सत्यता का पता लगाना भी अहम चुनौती है।
