November 8, 2026
[t4b-ticker]

दिवाली के रॉकेट से GH-7 सोसाइटी के फ्लैट में लगी भीषण आग, 3-BHK फ्लैट जलकर खाक

0
F

परिवार दिवाली मनाने अलवर गया था, बंद फ्लैट में आग लगने से मची तबाही

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। दिवाली की खुशियों के बीच क्रॉसिंग रिपब्लिक की GH-7 सोसाइटी में एक बड़ा हादसा हो गया। दिवाली के दौरान छोड़ा गया एक रॉकेट कथित तौर पर सोसाइटी के टावर नंबर-7 स्थित फ्लैट संख्या 10,103 में जा गिरा, जिससे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा 3-BHK फ्लैट जलकर तहस-नहस हो गया। शुरुआती आशंका है कि रॉकेट की चिंगारी बालकनी में गिरने से आग लगी है। हालांकि, आग लगने के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। 

जानकारी के मुताबिक, फ्लैट संकल्प जैन का है, जो मूल रूप से अलवर के रहने वाले हैं। दिवाली मनाने के लिए वह अपने परिवार के साथ अलवर गए हुए थे। फ्लैट बंद होने के कारण आग लगने का तत्काल पता नहीं चल सका। जब तक फ्लैट का ताला तोड़कर दमकलकर्मी अंदर पहुंच पाए, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। घटना रात के करीब 8 बजे की है। 

लॉक तोड़ने में लगा समय, अंदर तक फैल चुकी थी आग

AOA अध्यक्ष रोहित चौधरी के मुताबिक, सोसाइटी का फायर फाइटिंग सिस्टम पूरी तरह काम कर रहा था और समय रहते पुलिस को सूचना दे दी गई थी। क्रॉसिंग रिपब्लिक में तैनात दो फायर टेंडर मौके पर पहुंचे। इसके अलावा अतिरिक्त कोतवाली फायर स्टेशन से भी दमकल की गाड़ियां और कर्मचारी पहुंचे।

हालांकि, फ्लैट का मुख्य लॉक तोड़ने और अंदर के कमरों के दरवाजे खोलने में काफी समय लग गया। तब तक आग ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया था।

आसपास के फ्लैट सुरक्षित, बड़ा नुकसान टला

गनीमत रही कि आग आसपास के फ्लैटों तक नहीं पहुंची और एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, फ्लैट के भीतर रखा सामान और पूरा इंटीरियर जलकर नष्ट हो गया। दिवाली की आतिशबाजी के बीच हुई इस घटना ने हाईराइज सोसाइटियों में सुरक्षा और अग्निशमन इंतजामों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed