20 दिन बाद नोएडा-गाजियाबाद की बुझेगी प्यास, आज से लौटेगा गंगाजल
हरिद्वार से गंगनहर में छोड़ा गया पानी, प्रताप विहार और सिद्धार्थ विहार के प्लांटों की मरम्मत भी पूरी
20 लाख से अधिक लोगों को मिलेगी राहत
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
गाजियाबाद/नोएडा। दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के दौरान करीब 20 दिनों तक पानी की किल्लत झेलने वाले नोएडा और गाजियाबाद के लाखों लोगों के लिए राहत की खबर है। हरिद्वार से अपर गंगनहर में पानी छोड़ दिया गया है। गाजियाबाद के प्रताप विहार और सिद्धार्थ विहार स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांटों की सफाई, मरम्मत और रखरखाव का काम भी पूरा हो चुका है। ऐसे में सोमवार से दोनों शहरों में गंगाजल की आपूर्ति चरणबद्ध तरीके से सामान्य होने की उम्मीद है।
हरिद्वार से 7 नवंबर की रात नहर में पानी छोड़ा गया था। इसे गाजियाबाद के प्लांटों तक पहुंचने और शोधन के बाद आपूर्ति शुरू होने में 24 से 48 घंटे लगते हैं। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में 8 नवंबर से जबकि नोएडा के प्रभावित सेक्टरों में 9 से 11 नवंबर के बीच जलापूर्ति सामान्य होने की संभावना है।

गाजियाबाद के प्लांटों पर नोएडा की भी निर्भरता
नोएडा में प्रतिदिन 450 MLD से अधिक पानी की मांग है। इसमें करीब 240 MLD गंगाजल गाजियाबाद के वाटर ट्रीटमेंट प्लांटों से मिलता है। शेष आपूर्ति अन्य स्रोतों और नलकूपों के माध्यम से होती है। ऐसे में गंगाजल की आपूर्ति बंद होने का असर नोएडा के बड़े हिस्से पर पड़ा।
प्रताप विहार और सिद्धार्थ विहार के प्लांटों से प्रतिदिन लगभग 240 से 360 MLD गंगाजल का शोधन किया जाता है। इनकी भूमिका केवल गाजियाबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि नोएडा की पेयजल व्यवस्था भी काफी हद तक इन्हीं पर निर्भर है।
ट्रांस हिंडन से नोएडा तक प्रभावित रहे इलाके
गाजियाबाद में इंदिरापुरम, वैशाली, वसुंधरा, कौशांबी, विजय नगर, सिद्धार्थ विहार और डेल्टा कॉलोनी के बृज विहार, सूर्यनगर, रामप्रस्थ, चंद्रनगर व रामपुरी में गंगाजल की आपूर्ति होती है। वहीं नोएडा के पुराने सेक्टरों के अलावा सेक्टर-74 से 79 तक की सोसाइटियों, सेक्टर-19, 118, 127 और आसपास के आवासीय क्षेत्रों में भी इसका लाभ मिलता है।
नहर बंदी के दौरान इन इलाकों, खासकर इंदिरापुरम, वैशाली और वसुंधरा की ऊंची इमारतों वाली सोसाइटियों में ट्यूबवेल और रैनीवेल के पानी से काम चलाया गया। भूजल के अधिक TDS के कारण पानी की गुणवत्ता को लेकर भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
पानी आने के बाद भी बरतें सावधानी
आपूर्ति दोबारा शुरू होने के शुरुआती एक-दो दिन पाइपलाइनों में जमा गंदगी के कारण पानी मटमैला आ सकता है। इसलिए पानी साफ होने तक उसे सीधे पीने से बचें और आरओ से शोधित पानी का इस्तेमाल करें। जिन सोसाइटियों की टंकियों में पिछले दिनों बोरवेल का पानी जमा रहा है, वहां टैंकों की सफाई कराना भी उचित होगा। इसके बावजूद गंदे पानी या कम प्रेशर की समस्या बनी रहती है तो संबंधित प्राधिकरण या जलकल विभाग के कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराएं।
हर साल की नहरबंदी से निपटने की तैयारी
गंगनहर की सालाना सफाई के दौरान पैदा होने वाले जल संकट से निपटने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने वैकल्पिक व्यवस्था पर काम शुरू किया है। इसके तहत यमुना किनारे सेक्टर-132 और सेक्टर-135 में 17-17 MLD क्षमता के दो नए रैनीवेल करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे हैं। इनके तैयार होने पर शहर को प्रतिदिन 34 MLD अतिरिक्त पानी मिल सकेगा। इससे गंगाजल की आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में नोएडा को कुछ अतिरिक्त राहत मिलने की उम्मीद है।
