प्रधानमंत्री मोदी ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का किया उद्घाटन, कहा – स्वदेशी चाहती हैं सेनाएं

आज पूरे भारत में जितने मोबाइल फोन बनते हैं, उसमें से 55% मोबाइल उत्तर प्रदेश में बनते हैं- नरेंद्र मोदी
पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय की विचारधारा दी
BHUMESH SHARMA
NEWS1UP
ग्रेटर नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (25 सितंबर) को ग्रेटर नोएडा में कहा कि हमारी सेनाएं स्वदेशी चाहती हैं। वे दूसरों पर निर्भरता को कम करना चाहती हैं. सेनाओं को अपने ही देश में बने हथियार और उपकरण चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि भारत में ही एक वाइब्रेंट डिफेंस सिस्टम विकसित कर रहे हैं, इससे पुर्जे-पुर्जे पर मेड इन इंडिया की छाप होगी। उन्होंने इस दौरान कहा, आज पूरे भारत में जितने मोबाइल फोन बनते हैं, उसमें से 55% मोबाइल उत्तर प्रदेश में बनते हैं। यूपी अब सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूती देगा। यहां से कुछ किलोमीटर दूर ही एक बड़ी सेमीकंडक्टर फैसिलिटी पर काम शुरू होने वाला है।
प्रधानमंत्री मोदी ने शो का उद्घाटन करते हुए स्टॉल्स का दौरा किया और कारोबारियों से संवाद किया। उन्होंने बॉलीवुड प्रोड्यूसर बोनी कपूर और अभिनेता अर्जुन कपूर से भी मुलाकात की। उद्घाटन समारोह में पीएम करीब 45 मिनट तक मौजूद रहे और फिर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती का उल्लेख करते हुए की। उन्होंने कहा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय की विचारधारा दी, यानी जो सबसे पीछे है, उसका भी विकास सुनिश्चित करना। यही भारत का असली विकास मॉडल है। आज भारत दुनिया को अंत्योदय आधारित समावेशी विकास का उदाहरण दे रहा है।
अब भारत किसी पर निर्भर नहीं रहेगा
प्रधानमंत्री ने देश को यह स्पष्ट संदेश दिया कि भविष्य उन्हीं देशों का होगा जो आत्मनिर्भर होंगे। उन्होंने कहा, “बदलती दुनिया में जो देश दूसरों पर जितना ज्यादा निर्भर रहेगा, उसकी ग्रोथ उतनी ही बाधित होगी। भारत को अब किसी पर निर्भर रहना मंजूर नहीं है। उन्होंने आगे कहा, आज हमारा संकल्प है आत्मनिर्भर भारत। हमारा लक्ष्य है 2047 तक विकसित भारत बनाना।
GEM प्लेटफॉर्म से 15 लाख करोड़ का व्यापार
मोदी ने यह भी बताया कि सरकार के Government e-Marketplace (GeM) पोर्टल के जरिए अब तक 15 लाख करोड़ रुपए से अधिक का व्यापार हो चुका है।
पीएम मोदी ने कहा, आज भारत के दूरस्थ गांवों का एक छोटा व्यापारी भी GEM पोर्टल पर सरकार को अपना माल बेच सकता है। यह आत्मनिर्भर भारत की असली ताकत है।
जो भारत में बन सकती है, वह अब यहीं बनेगी
मोदी ने उद्योगपतियों और उद्यमियों से अपील करते हुए कहा कि वे बिजनेस मॉडल इस तरह से बनाएं जो आत्मनिर्भरता को मजबूती दे। उन्होंने कहा, चाहे माइक्रोचिप हो या विशाल जहाज, हम भारत में सब कुछ बना सकते हैं और अब हमें यही करना होगा। Make in India सिर्फ एक योजना नहीं, यह भारत की आर्थिक रीढ़ है।
उत्तर प्रदेश अब व्यापार का केंद्र बन रहा है
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा की सराहना की और कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार ने प्रदेश को सिर्फ कानून-व्यवस्था ही नहीं, बल्कि औद्योगिक विकास का हब भी बना दिया है।
पीएम ने कहा, यूपी में अब निवेश के नए द्वार खुले हैं। MSME से लेकर स्टार्टअप तक, हर वर्ग के उद्यमी को मंच मिला है।